अमर उजाला को बड़ा झटका लगा है. बरेली के संपादक डा. तीरविजय सिंह के बारे में सूचना है कि उन्होंने इरस्तीफा दे दिया है. हालांकि प्रबंधन ने अगली व्यवस्था होने तक उन्हें रूकने को कहा है. डा. सिंह ने हिंदुस्तान ज्वाइन कर लिया है. उन्हें पश्चिमी यूपी का स्टेट हेड बनाया गया है. सूत्रों का कहना है कि हिंदुस्तान प्रबंधन लम्बे समय से तीरविजय सिंह को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में था, परन्तु बात नहीं बन पा रही थी.
मूल रूप से बिहार के सासाराम जिले के रहने वाले डा. तीरविजय सिंह लम्बे समय तक अमर उजाला के बनारस यूनिट के संपादक रहे तथा अखबार को वहां पर पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. बरेली तबादला होने के बाद से थोड़े खुश नहीं थे. तीरविजय सिंह हिंदुस्तान में पश्चिमी जोन के मेरठ, बरेली, आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद समेत सभी यूनिटों की जिम्मेदारी संभालेंगे.
संभावना जताई जा रही है कि वे मेरठ में बैठेंगे. अब तक यह जिम्मेदारी सुधांशु श्रीवास्तव संभाल रहे थे. डा. तीरविजय सिंह पत्रकार के अलावा शिक्षक भी रह चुके हैं. वे पांच साल तक पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पत्रकारिता के लेक्चरर रहे. अमर उजाला ज्वाइन करने से पहले वे राजस्थान में दैनिक भास्कर के साथ भी वरिष्ठ पद पर रह चुके हैं. तीरविजय की गिनती सुझले हुए पत्रकारों में की जाती है.





