: कानाफूसी : इलेक्ट्रानिक मीडिया में एक बड़ी चर्चा पुण्य प्रसून बाजपेयी को लेकर है. जी न्यूज से किनारे करने के बीच एक खबर आ रही है कि पुण्य प्रसून भी दीपक चौरसिया के साथ इंडिया न्यूज ज्वाइन करने वाले हैं. कहा जा रहा है कि जी न्यूज प्रकरण के बाद उनके सामने भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया था, परन्तु दीपक चौरसिया के इंडिया न्यूज से जुड़ने की खबरों के बीच पुण्य प्रसून के भी इंडिया न्यूज पहुंचने की चर्चा तेज है. बताया जा रहा है कि दीपक के जुड़ने के चलते ही पुण्य के भी वहां पहुंचने की बात हो रही है. दोनों लोग आजतक में भी रह चुके हैं और पुराने साथी हैं. दीपक के बारे में खबर है कि वे एक जनवरी से चैनल ज्वाइन करेंगे.
दीपक चौरसिया के इनकार के बाद भी यह खबर लगभग पक्का हो चुका है कि उनका एबीपी न्यूज से संबंध खतम हो चुका है तथा वे पार्टनर के रूप में इंडिया न्यूज के साथ जुड़ने जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि वे हिस्सेदारी के अलावा मोटी सैलरी पर आ रहे हैं. अगर चर्चाओं के अनुसार इंडिया न्यूज से पुण्य प्रसून बाजपेयी भी जुड़ गए तो यह चैनल दूसरे चैनलों के लिए खतरा बन सकता है. यह भी सीरियस चैनलों की श्रेणी में आ जाएगा. कारण दीपक और पुण्य दोनों टीवी मीडिया के ब्रांड नेम हैं. और अगर ये एक साथ किसी चैनल से जुड़े तो निश्चित रूप से इसका फायदा भी मिलना तय है. अब देखना है कि यह चर्चा आगे क्या गुल खिलाता है. हालांकि इस संदर्भ में पुण्य प्रसून से बात करने की कोशिश की गई परन्तु उन्होंने फोन पिक नहीं किया.





