नोएडा : कोतवाली सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत दो बदमाश दैनिक जागरण के कर्मचारी से लूटपाट कर फरार हो गए। बदमाश उससे मोबाइल फोन व पर्स लूट ले गए। पर्स में एटीएम कार्ड व रुपये सहित कई महत्वपूर्ण कागजात थे। भुक्तभोगी मीडियाकर्मी ने घटना की शिकायत कोतवाली सेक्टर-20 में की। पुलिस मामले की जांच कर रही है, पर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
जानकारी के अनुसार न्यू अशोक नगर में रहने वाला मीडिया कर्मी अरुण कुमार सेक्टर-63 स्थित दैनिक समाचार पत्र के कार्यालय में काम करता है। शुक्रवार देर रात वह कार्यालय से काम समाप्त करने के बाद मोटरसाइकिल से वापस न्यू अशोक नगर स्थित अपने कमरे पर जा रहा था। जब वह सेक्टर-8 में पुलिस चौकी से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित नाली की पुलिया के पास पहुंचा तथा मोटरसाइकिल की रफ्तार कम की, तभी दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। दोनों बदमाश कर्मी से मोबाइल व पर्स लूट ले गए। पर्स में पैनकार्ड, एटीएम कार्ड, ढाई सौ रुपये, ईएसआई कार्ड आदि थे। बदमाश अरुण को लूटकर सेक्टर-8 में ही एक गली से भाग निकले। मीडियाकर्मी ने घटना की सूचना कुछ दूरी पर खड़ी पीसीआर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पीसीआर पुलिस ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाशों उनकी पकड़ में नहीं आए।