शिमला : थाना रोहड़ू के तहत पंजाब केसरी के पत्रकार के संदिग्धावस्था में लापता होने को लेकर पुलिस को पत्रकार के मोबाइल की लोकेशन का पता चल गया है। हालांकि लोकेशन का पता चलने के बाद मोबाइल फोन बंद हो गए। उधर, पुलिस ने उन 4-5 लोगों का भी पता लगा लिया है जिनसे पत्रकार की लापता होने के बाद बातचीत हुई है। पुलिस द्वारा की गई अभी तक की छानबीन में लापता हुए पत्रकार के एक मोबाइल की लोकेशन सोलन के धर्मपुर में पता चली है। यह लोकेशन सोमवार देर शाम की बताई जा रही है और इस दौरान इस फोन से 4-5 लोगों से बातचीत की गई।
इस संबंध में पुलिस की टीमों को छानबीन करने के लिए भेजा गया है और उन लोगों की भी तलाश शुरू कर दी है जिनसे फोन पर बातचीत की गई है। उधर, पत्रकार के लापता होने से एक दिन पूर्व रोहड़ू के जिस राजनेता की गाड़ी से टक्कर हो गई थी उससे भी पुलिस ने कुछ जानकारी हासिल की है। पुलिस के अनुसार रोहड़ू के राजकुमार निटू की गाड़ी की अजय कुठियाला की गाड़ी के साथ टक्कर हो गई थी। यही नहीं, बाद में दोनों में समझौता भी हो गया था। अजय कुठियाला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के तहत पुलिस को करीब ऐसे 10 से 12 लोगों का पता चला है जिनसे बाकायदा कुठियाला की लापता होने से पूर्व बातचीत हुई है।
डीएसपी, रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि रोहड़ू से लापता हुए अजय कुठियाला के मोबाइल फोन की लोकेशन सोमवार देर शाम को सोलन के धर्मपुर के पास आई है। यही नहीं, इस दौरान बाकायदा उसका फोन कुछ समय के लिए ऑन भी किया गया था और बातचीत भी की गई। कुछ ऐसे लोगों का पता चला है जिनसे इस फोन से बातचीत की गई है। इस संबंध में गहनता से छानबीन की जा रही है और अजय कुठियाला के घर वालों से भी सारे मामले को लेकर जानकारी ली गई है। (पंजाब केसरी)





