पटना : बिहार के छात्रों पर दूसरे राज्यों में होने वाले हमले रूक नहीं रहे हैं। बिहार के एक और छात्र की भुनेश्वर में वहां के स्थानीय छात्रों ने लोहे के रॉड और र्इंट पत्थरों से इतनी पिटाई कर दी कि 22 वर्षीय राहुल नयन शर्मा ने बेहोशी की स्थिति में ही शनिवार को दोपहर भुनेश्वर के ही एक नीजी अस्पताल में दमतोड़ दिया। राहुल के पारिवारिक सूत्रों से मिली खबर के अनुसार राहुल भुनेश्वर स्थित कोणार्क इंस्टीट्यूट आफ साइंस एंड टेक्नालॉजी कॉलेज में पढ़ाई कर पिछले वर्ष ही वहां से इंजीनियरिंग का फाइनल इयर पास किया था। मूल रूप से पटना जिला के धनरुआ था अंतर्गत नीमा गांव के निवासी राहुल के पिता राजीव नयन शर्मा धनबाद में व्यवसाय करते हैं।
राहुल दिसम्बर के सप्ताह में अपने कॉलेज से कुछ कागजात लाने भुनेश्वर गया था। बीते एक जनवरी को वह अपने कुछ दोस्तों के साथ पिकनिक मना लौट रहा था। पिकनिक मनाने के क्रम में ही उसके दोस्तों की अनबन कुछ स्थानीय छात्रों से हो गई, जिसमें राहुल ने बीच बचाव किया। बाद में राहुल जब अकेला लौट रहा था कटक रोड स्थित उमीकल मोहल्ले में उसे उन स्थानीय छात्रों ने घेर लिया जिससे राहुल के दोस्तों का झगड़ा हुआ था। उन छात्रों ने राहुल की लोहे के रॉड एवं र्इंट पत्थरों से सिर और अन्य अंगों पर इतना वार किया कि वह वहीं बेहोश हो गया। किसी तरह स्थानीय लोगों और उसके कुछ दोस्तों ने गंभीर स्थिति में घायल और बेहोश राहुल को पास के ही एक नीजी आयुष अस्पताल में भर्ती कराया पर चिकित्सकों ने बिना परिजनों की उपस्थिति में राहुल का ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया। घटना की खबर पाते ही दिल्ली में पदस्थापित और पेशे से कृषि वैज्ञानिक राहुल के मामा संजय कुमार सबसे पहले भुनेश्वर पहुंचे तब जाकर राहुल के सिर और ब्रेन का ऑपरेशन किया गया इसके बाद बदहवास राहुल के माता-पिता, बहन पारुल और अन्य परिजन भुनेश्वर पहुंचे। पर चार दिनों तक कोमा की स्थिति में रहे राहुल को होश नहीं आया। शनिवार को दोपहर बेहोशी की हालत में ही उसने दम तोड़ दिया।
भुनेश्वर पुलिस ने इस मामले में दो स्थानीय छात्रों को तो गिरफ्तार कर लिया है पर अन्य हमलावर अबतक फरार हैं। पटना के वरीय पत्रकार विनायक विजेता का रिश्ते में भंजा लगने वाला राहुल इकलौता पुत्र था, जिसे बड़े अरमानों और उम्मीद से उसके माता-पिता ने पढ़ाया था। राहुल के परिजनों ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस मामले में उड़ीसा सरकार और वहां की पुलिस पर दवाब बना हत्यारों के जल्द गिरफ्तारी की अपील की है। शनिवार को दोपहर बाद राहुल की लाश का भुनेश्वर पुलिस ने पोस्मार्टम कराने के बाद लाश को परिजनों को सौंप दी। राहुल के शव को रविवार को सुबह 9 बजे तक पटना पहुंचने की संभावना है। अंतिम संस्कार भी पटना में ही होगा।





