मेवाड़ संस्थान, वसुन्धरा, गाजियाबाद के विवेकानन्द सभागार में सोमवार को अपराह्न 2:30 महामना पं. मदन मोहन मालवीय जयन्ती के अवसर पर ’’आठवां पत्रकार प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह’’ का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम सरस्वती माँ के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण मुख्य अतिथि श्री शिव कुमार गोयल, प्रखर राष्ट्रवादी पत्रकार ने किया तत्पश्चात् महामना पं. मदन मोहन मालवीय जयन्ती का कार्यक्रम विधिवत् प्रारम्भ हुआ।
कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री शिव कुमार मिश्र जी ने सर्व प्रथम मेवाड संस्थान को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने महामना मदन मोहन मालवीय जी के जयन्ती के अवसर पर पत्रकार पुरस्कार परम्परा को बनाये रखने के लिए संस्थान को हार्दिक धन्यवाद दिया और कहा कि श्री रविन्द्र नाथ टैगोर और श्री मदन मोहन मालवीय दो ऐसे व्यक्तित्व हैं जिनके जीवन से हमें बहुत कुद सीखने की आवश्यकता है।
मेवाड़ संस्थान के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार गदिया जी ने महामना मदन मोहन मालवीय जी की जयन्ती पर संस्थान की ओर से मुख्य अतिथि श्री शिव कुमार गोयल, श्री शिव कुमार मिश्र, श्री जगदीश उपासने, श्री हरिचन्द्र शुल्का काक, श्री अशोक मोहन एवं सभी सम्मानित अतिथियों का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए कहा कि इस अवसर पर पुरस्कार पाने वाले पत्रकारों को हार्दिक बधाई देता हूँ। उन्होंने आगे अपने सम्बोधन में कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय विशिष्ट व्यक्तित्व के धनी थे, उनके जीवन को पढ़ने पर लगता है कि वह आदर्श विद्यार्थी, पुत्र, पति, देश भक्त पत्रकार, वकील, कवि एवं कुशल राजनीतिज्ञ थे। वह शिक्षा के क्षेत्र में युगदृष्टा थे जिन्होंने 1916 में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की कल्पना की और उसको मूर्त्त रूप दिया। दान और सहयोग प्राप्त करने में उनके मुकाबले में आजतक कोई व्यक्ति नहीं हुआ।
चयन समिति के माननीय सदस्य वरिष्ठ पत्रकार श्री जगदीश उपासने, श्री हरिशचन्द्र शुक्ल काक, श्री प्रदीप सिंह और श्री अरविन्द मोहन के सामूहिक निर्णय से प्रथम श्री महमूद अली, द्वितीय श्री पवन कुमार (रिर्पोटर-हिन्दी), श्री आकाश वशिष्ठ प्रथम, श्री मुन्ना मिश्रा द्वितीय (रिर्पोटर-अंग्रेजी), श्री उमेश चर्तुवेदी प्रथम, सुश्री माधवी श्री द्वितीय (फीचर राइटिंग), श्री उस्मान सैफी प्रथम, श्री जितेन्द्र सिंह द्वितीय (फोटोग्राफर) और श्री एन0 बी0 सुधीर नाथ, प्रथम (कार्टूनिस्ट) को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पत्रकार श्री राम बहादुर राय जी के सहयोग से आयोजित हुआ। उक्त अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री शिव कुमार गोयल जी को प्रशस्ति पत्र के द्वारा सम्मानित किया गया तथा उनके रचना धर्मिता की प्रशंसा की गई।






