सहारनपुर। सर्दियों की ठिठुरन में पुलिसकर्मी भले ही सिकुड़ गये हों लेकिन चोरों के हौसलों में कोई कमी नहीं आ रही है। सर्दी में पुलिस सुस्त, चोर मस्त की पंक्ति चरितार्थ हो रही है और हर रोज़ एक नयी घटना सामने आ रही है। शनिवार की रात थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के रसूलपुर में रहने वाले पत्रकार रविश अहमद की मारुती कार 800 रजि. संख्या यूपी 14 एच 0036 रोजाना की भांति घर के सामने खड़ी की गई थी। रात में किसी समय अज्ञात चोरों ने उक्त कार पर हाथ साफ कर दिया।
पड़ोसी गुड्डू, जो कि एक डेरी पर कार्य करता है, रात करीब 1 : 30 बजे अपने कमरे पर लौटा तब भी गाडी वहीं खडी थी, जिससे अनुमान यह लगाया जा रहा है कि रात्रि में दो बजे बिजली जाने के बाद बदमाशों द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया गया है। थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है। पुलिस कार की खोजबीन में तो जुटी है, किन्तु तीन दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस की कार्यप्रणाली देखने के बाद नहीं लगता कि उसका हाथ चोरों तक पहुंच पाएगा। आम लोगों का कहना है कि जब एक पत्रकार के साथ हुई घटना में पुलिस का यह रवैया है तो सामान्य आदमी के साथ क्या रवैया होता होगा।





