संगरुर : स्थानीय शिवम कालोनी स्थित सीनियर पत्रकार एसएस फुल के मकान में शनिवार को लोहड़ी की रात्रि अचानक आग लग गई। आगजनी में कार, दो बाइक सहित काफी सामान जलकर राख हो गया। रविवार सुबह घटना का जायजा लेने पहुंचे डिप्टी कमिश्नर कुमार राहुल ने एसएसपी संगरूर हरचरण सिंह भुल्लर को हिदायत दी कि वह घटना की डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच करवाएं और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, एसएस फुल ने बताया कि वह शनिवार रात्रि अपने परिवार समेत घर पर सो रहे थे कि घर के बरामदे में आग की लपटें उठती देखीं। बाहर निकल कर देखा तो आग ने घर के काफी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था। परिवार वालों ने जैसे-तैसे घर से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की गाडि़यों ने आग पर काबू पाया। आगजनी में एक कार, दो पहिया वाहन दो, घर का मेन दरवाजा व घर का कुछ सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस को दर्ज करवाई रिपोर्ट में परिवार ने आग के जरिये परिवार को मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए दोषियों को काबू करने की मांग की। समूह पत्रकारों ने डिप्टी कमिश्नर संगरूर से मांग की कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए तथा यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। एसएसपी भुल्लर ने विश्वास दिलाया कि घटना की पूरी गंभीरता से जांच की जाएगी। दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। (जागरण)






