नैनीताल शरदोत्सव के तहत आयोजित फोटो प्रतियोगिता में पत्रकार नवीन जोशी के चित्र को भी पुरस्कृत किया गया है। उन्हें प्रतियोगिता के तहत कुमाऊं के मेले एवं त्योहार वर्ग में उनके द्वारा कुमाऊं में घुघुतिया के रूप में अनूठे तरह से मनाये जाने वाले उत्तरायणी पर्व पर खींचे गये चित्र के लिये सांत्वना पुरस्कार दिया गया है। कुमाऊं मंडल विकास निगम एवं फ्लोरिस्ट लीग ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के इस वर्ग में 60 से अधिक छायाकारों ने अपनी प्रविष्ठियां दी थीं। जोशी नैनीताल में राष्ट्रीय सहारा समाचार पत्र में ब्यूरो प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं।
गौरतलब है कि पूर्व में भी श्री जोशी के ‘पंचाचूली-ग्लिटरिंग हिमालया’ नाम के चित्र को गूगल अर्थ पर फोटो प्रदर्शित करने वाली वेबसाइट पेनोरोमियो द्वारा जनवरी 2010 में जियो टैग्ड स्पेशल मेंशन पुरस्कार से पुरस्कृत किया जा चुका है। एक फोटो जर्नलिस्ट के रूप में उनके चित्र नैनीताल राजभवन सहित कई प्रदर्शनियों में भी प्रदर्शित हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में प्राकृतिक दृश्य विषय में लखनऊ के अनिल रियाल सिंह प्रथम, ललित मोहन साह द्वितीय व सुमित साह तृतीय, धीरेंद्र बिश्ट, डा. पंकज शर्मा, जेपी शर्मा, डा. कामरान खान व अभिषेक अलिग को सांत्वना, मेलों-त्यौहारों के वर्ग में केसी पांडे, मनमोहन चौधरी व नफीरन यादव के साथ नवीन जोशी, जयेंद्र जोशी व नंद राज को सांत्वना पुरस्कार, बाल वर्ग के पहले वर्ग में धैर्य बिश्ट, समर अहमद, अनुष्का अग्रवाल, चेतन पांडे व सान्या खान तथा दूसरे वर्ग में धैर्य बिष्ट, अनुष्का अग्रवाल, गीतांजलि कपूर, सान्या खान, महिमा गावा, यूदेन भोटिया, चेतन पांडे व हविषिता मलिक क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय तथा सांत्वना पुरस्कार से पुरस्कृत हुऐ हैं। उन्हें नैनीताल शरदोत्सव की आखिरी शाम शरदोत्सव मुख्य मंच से यह पुरस्कार कुमाऊं आयुक्त डा.हेमलता ढोंडियाल, डीआईजी दीपक ज्योति घिल्डियाल, डीएम निधिमणि त्रिपाठी, एडीएम विनोद गिरि गोस्वामी, विधायक सरिता आर्या, पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी तथा अंतर्राष्ट्रीय छायाकार अनूप साह व एएन सिंह आदि गणमान्य जनों के हाथों प्रदान किये गये।

