इंदौर : स्व. रवीन्द्र शाह की स्मृति में बुधवार संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। उल्लेखनीय है कि ठीक एक साल पूर्व 20 फरवरी, 2012 को एक सड़क दुर्घटना में श्री शाह का असामयिक निधन हो गया था। 'अस्त न होगा रवि' शीर्षक से आयोजित कार्यक्रम का आयोजन संस्था परितृप्ति और युवा वाग्मी सभा द्वारा किया गया था। इस अवसर पर गौतम काले, राकेश नागर, शिफा अंसारी और साथियों ने कई गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की शुरुआत 'यार हमारा था वो, प्यार हमारा था वो, कहां गया वो… से हुई। इसके बाद इतनी शक्ति हमें देना दाता…, मां मुझे अपना आंचल में छुपा ले…, एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल… घड़ी घड़ी बदल रही है जिंदगी, कल हो न हो…आदि गीत पेश किए गए। इस अवसर सुभाष मिश्र (रायपुर), पत्रकार धीरेन्द्र पुंडीर आदि ने स्व. रवीन्द्र शाह के साथ बिताए समय को याद किया। गौरतलब है कि स्व. शाह विभिन्न समाचार पत्रों, टीवी चैनलों के अलावा वेबदुनिया के संपादक भी रहे।






