: इस बार पत्रकारों को दीपावली पर नहीं मिली मिठाई : वरिष्ठ पत्रकार रमन रावल को पीपुल्स समाचार, इंदौर का स्थानीय संपादक बना दिया गया है. ग्रुप एडिटर एनके सिंह से विवाद के बाद स्थानीय संपादक प्रवीण खारीवाल ने इस्तीफा दे दिया था, तभी से यह पद खाली चल रहा था और अस्थाई रूप से राधेश्याम धामू इसकी जिम्मेदारी संभाल रहे थे. पीपुल्स समाचार ज्वाइन करने से पहले रमन रावल चौथा संसार में संपादक के पद पर कार्यरत थे. रमन रावल पिछले तैंतीस साल से इंदौर में ही पत्रकारिता कर रहे हैं. दैनिक भास्कर में सीनियर पदों पर रहे. भास्कर टीवी के प्रधान संपादक रहे. नई दुनिया में भी वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं.
पीपुल्स समाचार, इंदौर से दूसरी खबर यह है कि यूनिट हेड श्रीराम कृष्ण मैनेजमेंट के रवैये से नाराज होकर छुट्टी पर चले गए हैं. चर्चा के अनुसार उनकी नाराजगी का कारण दिवाली पर दिया गया अत्यधिक विज्ञापन टार्गेट है. पर सूत्रों का कहना है कि वो मैनेजमेंट के गलत नीतियों से पहले ही नाराज चल रहे थे, उस पर यह विज्ञापन टार्गेट ने घी का काम कर दिया. चर्चा है कि वे प्रदेश टुडे से जुड़ सकते हैं. प्रदेश टुडे प्रबंधन ने पहले भी उनकी निकटता रही है. कहा जा रहा है कि अगर वे प्रदेश टुडे ज्वाइन करते हैं तो यह उनके लिए घर वापसी जैसी होगी.
पीपुल्स समाचार, इंदौर से तीसरी खबर यह है कि इस बार दीपावली पर पत्रकारों को एक मिठाई तक नहीं दी गई. इससे पहले पत्रकारों को दिवाली के मौके पर प्रबंधन द्वारा मिठाई दी जाती थी, परन्तु इस बार यह परिपाटी टूट गई. प्रबंधन के इस रवैये से पीपुल्स समाचार के पत्रकार अंदर से खिन्न हैं. हालांकि दूसरे अखबारों में भी इसको लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं कि पीपुल्स की औकात अब अपने पत्रकारों को मिठाई देने की भी नहीं रही.






