नयी दिल्ली : भारतीय प्रेस परिषद ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान पेड न्यूज पर रोक लगाने और प्रेस की स्वतंत्रता को किसी भी तरह से प्रभावित करने के प्रयासों पर नजर रखने के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। पीसीआई अध्यक्ष न्यायमूर्ति मार्कंडेय काट्जू ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि चूंकि गुजरात में विधानसभा चुनाव शीघ्र होने वाले हैं इसलिए मैं भारतीय प्रेस परिषद के चार सदस्यों की एक समिति का गठन कर रहा हूं जिनसे शीघ्र गुजरात जाने और समूचे राज्य का व्यापक दौरा करने का अनुरोध किया जाएगा। साथ ही कहा जाएगा कि वह विस्तृत जांच के बाद गुजरात विधानसभा चुनाव के सिलसिले में पेड न्यूज की किसी भी घटना या प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से प्रेस की स्वतंत्रता के उल्लंघन के बारे में मुझे रिपोर्ट करें ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
समिति के सदस्यों में राजीव रंजन नाग को संयोजक बनाया गया है. इनके अलावा इस समिति में कल्याण बरूआ, संदीप शंकर और नीरज बाजपेई शामिल हैं। वक्तव्य में कहा गया है कि समिति के संयोजक को उप समितियां गठित करने और उन्हें जैसा भी उचित लगे उस तरीके से सदस्यों के बीच काम का बंटवारा करने का अधिकार दिया गया है।






