: पंकज वर्मा एवं भरत श्रीवास्तव समेत कई टीम में शामिल : इसी महीने लांच होगी पत्रिका : लाइव इंडिया न्यूज चैनल का संचालन करने वाली कंपनी समृद्ध जीवन फूड लिमिटेड समूह की एक करेंट अफेयर्स पत्रिका लांच करने जा रही है. 'लाइव इंडिया' के ही ब्रांड नाम से प्रकाशित होने वाली यह पत्रिका जनवरी में लांच की जाएगी. यह पत्रिका मासिक होगी. इसमें सभी करेंट मामलों को विस्तार से समाहित किया जाएगा. इसकी डमी कॉपी प्रकाशित हो चुकी है. इस पत्रिका का प्रधान संपादक डा. प्रवीण तिवारी को बनाया गया है. डा. तिवारी लम्बे समय से लाइव इंडिया में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं.
डा. प्रवीण तिवारी को पत्रिका की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. वे लाइव इंडिया में एक्जीक्यूटिव एडिटर एवं एंकर हेड के रूप में अपनी पुरानी भूमिका भी निभाते रहेंगे. उनके अनुभव को देखते हुए प्रबंधन ने पत्रिका का प्रधान संपादक बनाया है. डा. तिवारी के अलावा आजतक तथा सहारा को अपनी सेवाएं दे चुके पंकज शर्मा इस टीम में शामिल हैं. उन्हें पत्रिका का एसोसिएट एडिटर बनाया गया है. पंकज वर्मा के आने से पत्रिका को और मजबूती मिलने की संभावना है. इसके अलावा भरत श्रीवास्तव, अमित कुमार, सुनील गौर एवं विशाल जैन भी पत्रिका की टीम में शामिल हैं.
पत्रिका की इस टीम को वरिष्ठ पत्रकार सतीश के सिंह का भी मार्ग दर्शन मिलेगा. सूत्रों का कहना है कि अभी और रिक्रूटमेंट भी चल रहे हैं. प्रबंधन इस पत्रिका को आउटलुक हिंदी की तर्ज पर प्रकाशित करने की कोशिश में है. बताया जा रहा है कि लाइव इंडिया न्यूज चैनल का इनपुट इस पत्रिका को अन्य पत्रिकाओं से आगे ले जाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है. सूत्रों का कहना है कि पत्रिका के पहले अंक में राहुल देव, प्रमोद जोशी, वर्तिका नंदा, कैलाश खेर जैसे बड़े नाम वाले लोगों के लेख और आर्टिकल शामिल हैं. उतरोत्तर यह संख्या बढ़ती ही जाएगी. फिलहाल यह ग्रुप लाइव इंडिया न्यूज चैनल, मी मराठी न्यूज चैनल तथा प्रजा विचार साप्ताहिक का प्रकाशन कर रहा है. इंडिया लाइव पत्रिका इस समूह का नया वेंचर होगा.





