इंडिया न्यूज से खबर आ रही है कि बड़े नामों के आने के साथ ही अब यहां काम भी बड़े होने लगे हैं. हालांकि अभी तक सबसे बड़ा नाम माने जाने वाले तथा खुद ब्रांड बन चुके पुण्य प्रसून बाजपेयी के जुड़ने की सूचना नहीं है. हालांकि दीपक चौरसिया उनके ज्वाइन करने की बात कह चुके हैं. पर उनकी तरफ से अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. खैर, इन सबसे अलग अब इंडिया न्यूज की टीम को कुशल बनाने की योजनाएं भी तैयार होने लगी हैं.
अब तक अगंभीर चैनलों की श्रेणी में शामिल इंडिया न्यूज का नया प्रबंधन अब अपनी टीम को ट्रेनिंग देने की योजना बना रहा है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंडिया न्यूज के साथ काम करने वाले लोगों को फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह में ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके लिए समूह के होटल हिल्टन में कार्यशाला आयोजित की जाएगी. सूत्रों का कहना है कि यहां ज्वाइन करने वाले नए एवं वरिष्ठ लोग ही इस कार्यशाला में अपने जूनियरों को पत्रकारिता की तमाम चीजें सिखाएंगे.






