बदायूं के दैनिक जागरण कार्यालय से अमित सक्सेना के इस्तीफा देकर अमर उजाला चले जाने के कारण पूरे दिन पत्रकारिता के नाम पर माफियागीरी और दलाली करने वाले कथित पत्रकार दैनिक जागरण ज्वाइन करने का सपना देखने लगे हैं. वहीं कोई और रिपोर्टर छोड़ कर न भागे, इसके जागरण ने प्रयास भी शुरू कर दिए हैं.
वर्षों से जागरण को सेवायें दे रहे ओमप्रकाश ओमी को सीनियर ग्रेड देने का आज तक किसी को ख्याल तक नहीं आया, लेकिन आज अचानक उन्हें सीनियर ग्रेड देने का प्रलोभन देते हुए टेस्ट के लिए बरेली बुला लिया गया. दोहरे व्यवहार के चलते ही वह एक बार जागरण छोड़ कर हिन्दुस्तान भी चले गये थे. शांत स्वभाव के वरिष्ठ रिपोर्टर ओमी सिर्फ काम से ही मतलब रखते हैं. चापलूसी न करने के कारण उनके प्रमोशन पर आज तक किसी ने ध्यान नहीं दिया, जबकि उनके जूनियर कमलेश शर्मा को सीनियर ग्रेड देते हुए नियमित भी कर दिया गया है.
उधर, लखनऊ, दिल्ली और बरेली से प्रकाशित होने वाले तमाम अखबारों की दस-दस प्रतियों की एजेंसी लेकर दलाली करने वाले तथा-कथित पत्रकारों की बदायूं में फ़ौज खड़ी हो गई है. जागरण में जगह खाली होने के कारण दलाली करने वाले पत्रकारों ने जागरण के ब्यूरो चीफ की परिक्रमा शुरू कर दी है. सूत्रों का कहना है कि ऐसे एक स्वजातीय पत्रकार का ब्यूरो चीफ ने बरेली संपादक के पास बायोडाटा भी भेज दिया है. वहीं मीडिया से जुड़े लोग कहने लगे हैं कि किसी दलाल टाइप व्यक्ति को जागरण ने पत्रकार बना दिया, तो जागरण और भी गर्त में चला जाएगा.






