भोपाल। अंतत: मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के मीडिया कर्मियों पर केन्द्रित 'बहुमत मीडिया डायरेक्टरी-२०१३' का लोकार्पण मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कर कमलों द्वारा ६ दिसंबर को भोपाल में एक समारोह में संपन्न हुआ। इस समारोह में छत्तीसगढ़ के पर्यटन शिक्षा, पीडब्ल्यूडी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के अलावा, मप्र के उद्योगमंत्री कैलाश विजयवर्गीय खासतौर पर उपस्थित थे। बहुमत मीडिया डायरेक्टरी की प्रकाशक श्रीमती सावित्री शास्त्री, वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक भास्कर समूह के संपादकीय समन्वयक सोमदत्त शास्त्री और दिव्य मराठी के ग्रुप एडीटर अभिलाष खांडेकर के अलावा मप्र के आयुक्त जनसंपर्क राकेश श्रीवास्तव, लोकमाया ग्रुप के प्रकाशक अशोक भटनागर इस अवसर पर खासतौर पर उपस्थित थे। सबने मीडिया डायरेक्टरी में संकलित सामग्री की भूरि-भूरि सराहना करते हुए इसे दोनों राज्यों के मीडिया कर्मियों के बीच सेतु करार दिया।
मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ से पाक्षिक रूप में प्रकाशित होने वाले बहुमत समाचार पत्र संस्थान की श्रीमती सावित्री शास्त्री द्वारा प्रकाशित लगभग बीस रंगीन पृष्ठों सहित ३६० पृष्ठों की बहुमत मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ मीडिया डायरेक्टरी-२०१३ पहली मर्तबा प्रकाशित हुई है। संयुक्त रूप से दोनों राज्यों के कोई सत्तर से ज्यादा जिलों में कार्यरत सभी विधाओं के मीडिया कर्मियों के नाम और नंबर संजोये गये हैं। इसमें प्रिट मीडिया, वेब पोर्टल, न्यूज चैनल आदि के पते जुटाये गये है। मीडिया डायरेक्टरी में राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, मुख्यसचिवों के नंबरों के अलावा प्रेसक्लबों, पत्रकार संगठनों, देशभर के समाचार माध्यमों, पत्रकारिता प्रशिक्षण संस्थानों, रेल-बस सेवाओं, दिल्ली के गेस्ट हाऊसों और मप्र राज्य के होटलों आदि के ब्यौरे जुटाये गये हैं।
जून २०१३ में अपडेट होगी डायरेक्टरी : बहुमत मीडिया डायरेक्टरी की प्रकाशक श्रीमती सावित्री शास्त्री और संपादक नटराज शास्त्री ने बताया कि मीडिया डायरेक्टरी का काम बहुत ही जटिल था। दोनों राज्यों की संयुक्त मीडिया डायरेक्टरी का प्रकाशन करने के पीछे मूल उद्देश्य यही रहा है कि भौगोलिक रूप से अलग-अलग होने के बावजूद दोनों राज्यों के मीडियाकर्मी एक-दूसरे से जुडे रहें और आपस में विचारों का आदान-प्रदान करते रहें। डायरेक्टरी के संपादक नटराज शास्त्री ने बताया कि मीडिया डायरेक्टरी के सन्-२०१४ के संस्करण की तैयारियां, जनवरी २०१३ से प्रारंभ कर दी जायेंगी और अप्रैल-मई २०१३ तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। तमाम कोशिशों के बावजूद कई नंबर अपडेट नहीं हो सके। नंबर अपडेट करने का यह कार्य जून २०१३ तक जारी होने वाले नये संस्करण में कर लिया जायेगा। मीडिया डायरेक्टरी के नाम और नंबरों के अपडेट करने के लिए ई-मेल करने के लिए [email protected] का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी तरह भोपाल के टेलीफोन नंबर ०७५५-४२३२८१८ के अलावा मोबाइल नंबर ९४२५००४१९७ पर भी संपर्क करके भी नाम-नंबरों में संशोधन कराये जा सकते हैं।






