बरेली से खबर है कि हिंदुस्तान से इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेंद्र निर्मल ने अपनी नई पारी कैनविज टाइम्स के साथ शुरू की है. उन्हें वरिष्ठ पद पर लाया गया है. सूत्रों का कहना है कि ब्रजेंद्र को अखबार लांच करने की जिम्मेदारी दी गई है. वे इसके पहले बरेली में अमर उजाला तथा हिंदुस्तान को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पिछले दिनों उन्हें हिंदुस्तान में स्थानीय संपादक कुमार अभिमन्यु के साथ हुए विवाद के बाद इस्तीफा देना पड़ा था. उन पर संपादक पर कुर्सी तानने का आरोप लगा था.
हिंदुस्तान से इस्तीफा देने के बाद ब्रजेंद्र निर्मल ने एक एस्ट्रो वेबसाइट लांच किया था, जिसका संचालन वे खुद कर रहे थे. अब वे कैनविज टाइम्स के साथ जुड़ गए हैं. इनके साथ ही नितिन अग्रवाल ने भी कैनविज टाइम्स के साथ अपनी नई पारी शुरू की है. उन्हें एजीएम बनाया गया है. नितिन इसके पहले हिंदुस्तान तथा जागरण जैसे अखबारों को अपनी सेवाएं दे चुके हैं. कैनविज टाइम्स का प्रकाशन अभी लखनऊ से हो रहा है. बरेली में पूरी टीम तैयार करने की जिम्मेदारी इन दोनों लोगों पर है. ये जानकारी नहीं मिल पाई है कि यह अखबार बरेली से प्रकाशित होगा या लखनऊ से छपकर जाएगा.






