एक मीडियाकर्मी के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मीडियाकर्मी ने अपने भाई की मौत में किसी साजिश की आशंका जताई है. हमार टीवी, नोएडा में सीनियर प्रोमो एडिटर विशाल पाण्डेय मूल रूप से बनारस के रहने वाले हैं. विशेश्वरगंज कोतवाली के नाटी इमली क्षेत्र में उनका घर है. विशाल का छोटा भाई विवेक पांडेय (29 वर्ष) अपने चाचा के साथ रहता था. विशाल तथा उनके बड़े भाई जिम्मी पांडेय दिल्ली में रहते हैं.
विशाल ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात उनके भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनके चाचा अजय कुमार पांडेय ने आनन फानन में उसके शव का रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया. भाई के मरने की सूचना उन लोगों को सुबह पांच बजे दी गई. जब उसका अंतिम संस्कार किया जा चुका था. उन्होंने आशंका जताई कि उसकी मौत जरूर किसी संदिग्ध परिस्थिति में हुई, जिसके चलते हम दोनों भाइयों को बताए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. विशाल ईटीवी तथा स्टार न्यूज को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उनके भाई जिम्मी भी मीडिया से जुड़े हुए हैं.





