एक तरफ सहारा समूह अपनी दुर्गति को प्राप्त हो रहा है तो दूसरी तरफ इस समूह के मीडिया हाउस में चलने वाली उठापटक भी अपनी गति से जारी है. बनारस से खबर है कि यूनिट हेड मुमताज अहमद को हटा दिया गया है. उन्हें लखनऊ से अटैच कर दिया गया है. उनकी जगह संपादक मनोज तोमर को यूनिट हेड की अतिरिक्त जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है. इसके लिए एक पत्र भी जारी कर दिया गया है.
मुमताज अहमद इलाहाबाद में राष्ट्रीय सहारा के ब्यूरोचीफ हुआ करते थे. उन्हें उपेंद्र राय ने प्रमोट करके बनारस यूनिट का हेड बना दिया था. जब उपेंद्र राय की टीम कमजोर हुई और स्वतंत्र मिश्रा एंड कंपनी मजबूत हुई तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि बनारस में बदलाव देखने को मिलेगा. आशंका अब सही साबित हुई है. फिलहाल जब तक किसी नए व्यक्ति की नियुक्ति नहीं की जाती है तब तक मनोज तोमर ही संपादक एवं यूनिट हेड का दायित्व निभाएंगे.






