पूर्वान्चल के वयोवृद्ध पत्रकार विजय कुमार का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।पत्रकार विजय कुमार प्रदेश सरकार की ओर से यशभारती सम्मान से सम्मानित थे।बेहद सरल स्वभाव के विजय कुमार जी ने समाचारपत्र राष्ट्रीय सहारा,दैनिक आज,जनवार्ता समेत कई पत्र पत्रिकाओं मे बतौर पत्रकार अपनी सेवाएं दी थी।
ग्रामीण परिवेश से लगाव रखने वाले विजय कुमार ने हमेशा अपने जनपद गाजीपुर मे ही रहकर काम किया।ग्रामीण अंचलों की खबरो को प्रमुखता देने वाले विजय कुमार ने कई बड़े समाचार पत्रों मे महत्वपूर्ण पदो को ठुकराते हुये आजीवन गाजीपुर के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के मद्देनजर अपनी लेखनी को केन्द्रित रखा।
लंबे अर्से तक पत्रकारिता जगत से जुड़े रहे विजय कुमार अपने अंतिम समय तक नये पत्रकारों को प्रोत्साहन देने मे जुटे रहे।गाजीपुर के पत्रकारिता जगत की दो पीढ़ियां विजय बाबू की बेबाक लेखनी की गवाह हैं।पिछले कुछ दिन पहले ही उन्होने हार्निया का आपरेशन कराया था और तबियत बिगड़ने पर उन्हे इलाज के लिये वाराणसी ले जाया जा रहा था कि रास्ते मे ही उनकी मृत्यु हो गयी।उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत मे शोक की लहर दौड़ गयी।गाजीपुर के बड़ीबाग स्थित उनके निवास पर पहुंच कर बड़ी संख्या मे पत्रकारो ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।विजय बाबू पत्रकारिता के साथ साथ राजनीति और समाजसेवा मे भी लगातार सक्रिय रहे।उन्होने विधानसभा का चुनाव भी लड़ा।यशभारती से सम्मानित विजय कुमार को पत्रकारिता मे उनके उल्लेखनीय कार्य के चलते गाजीपुर गौरव सम्मान से भी नवाजा गया था।
गाजीपुर से केके की रिपोर्ट.






