यशभारती से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विजय कुमार की पत्नी श्रीमती शारदा देवी का बुधवार की रात देहान्त हो गया। श्रीमती शारदा देवी लम्बे अरसे से हृदय रोग से पीड़ित थीं और पिछले दिनों उनकी बाईपास सर्जरी भी हुई थी। श्रीमती शारदा देवी ने गाजीपुर शहर के बड़ीबाग स्थित अपने आवास पर अन्तिम सांस ली। वरिष्ठ पत्रकार विजय कुमार की धर्मपत्नी के निधन से जिले के साहित्य और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। विजय कुमार की पत्नी के निधन के बाद जिले के तमाम बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों और पत्रकारों ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत श्रीमती शारदा देवी की आत्मा की शान्ति के लिए ईश्वर से कामना की है। बेहद मृदु स्वभाव की श्रीमती शारदा देवी अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन पर गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन की ओर से शोक सभा कर श्रीमती शारदा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।— गाजीपुर से के.के.की रिपोर्ट






