जबलपुर : जबलपुर के वरिष्ठ पत्रकार तथा दैनिक हरिभूमि के संपादक चैतन्य भट्ट को स्व. हीरालाल गुप्त पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित किया गया. श्री भट्ट के अलावा इस आयोजन में सृजन सम्मान से साहित्यकार अमरेन्द्र नारायण तथा सव्यसाची प्रमिला बिल्लोरे सम्मान से राजेश पाठक प्रवीण को सम्मनित किया गया. जबलपुर में हुये एक गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि कालीदास अकादमी के पूर्व निदेशक आचार्य कृष्णकांत चतुर्वेदी ने कहा कि समाज और राष्ट्र की मूलधारा से जुड़ी होती है पत्रकारिता. पत्रकारिता एक साधना है और जिसने इसे साध लिया उसका स्मरण पीढियां करती हैं.
अध्यक्षता कर रहे पूर्व उपमहाधिवक्ता आदर्श मुनि त्रिवेदी ने कहा कि आज समाज में टूटन है. व्यक्ति धन की दौड में उलझा हुआ है, ऐसे में स्व. गुप्त जी को स्मरण करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी. स्व. हीरालाल गुप्त पत्रकारिता से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार श्री चैतन्य भट्ट ने अपने सम्मान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुये कहा कि मुझे यह सम्मान पाकर गौरव की अनुभूति हो रही है. कार्यक्रम में अमरेन्द्र नारायण तथा राजेश पाठक प्रवीण को भी सम्मनित किया गया. आयोजन में शहर के साहित्यकार और पत्रकार बडी संख्या में उपस्थित रहे.







