भारत में पहली बार एचबीओ एशिया दो नए प्रीमियम मूवी चैनल शुरू करेगी, जो सब्सक्रिप्शन मॉडल पर उपलब्ध कराए जाएंगे। संभवत: दो चैनल एचबीओ डिफाइंड और एचबीओ हिट्स शुरू करने जा रही कंपनी डिजिटलीकरण कार्यक्रम पर दांव लगाने जा रही है और प्रीमियम खंड में उतरकर बढ़त बनाना चाहती है। कंपनी ने दो विज्ञापन मुक्त चैनलों के कंटेंट के लिए इरोस इंटरनैशनल के साथ साझेदारी भी की है। दोनों चैनलों के लगभग 30 फीसदी कंटेंट हिंदी फिल्मों (इरोस द्वारा उपलब्ध) के होंगे, जबकि बाकी कंटेंट पैरामाउंट और टाइम वार्नर जैसे हॉलीवुड स्टूडियोज से मिलेंगे।
ये चैनल स्टैंडर्ड और हाई-डेफनिशन दोनों में उपलब्ध होंगे। दोनों चैनल हिंदी में भी उपलब्ध कराए जाएंगे और भविष्य में उन्हें कई भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की योजना है। एचबीओ-इरोस का गठजोड़ एचबीओ के भारत के वर्तमान प्रारूप के विकास पर भी काम करेगा, साथ ही भारतीय टेलीविजन बाजार और अंतरराष्ट्रीय वितरण के लिए मूल कंटेंट भी विकसित करेगा। अभी तक लॉन्च की तारीख और उसके मूल्यांकन को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
एचबीओ एशिया के सीईओ जोनाथन स्पिंक ने कहा कि वे फिलहाल चैनल के प्रसारण के लिए कई डीटीएच और डिजिटल केबल कंपनियों के साथ बात कर रहे हैं। स्पिंक ने कहा, 'हम दोनों चैनल 100 रुपये प्रति घर मासिक की दर पर उपलब्ध कराएंगे।' यह शुल्क दो चैनलों के लिए ज्यादा तो नहीं है? इस पर स्पिंक ने कहा कि भारत में मनोरंजन बेहद सस्ता है। उन्होंने कहा, 'इन चैनलों के लिए यह बिल्कुल सही समय है क्योंकि उपभोक्ता अमीर हो रहे हैं और सही कंटेंट के लिए वह शुल्क देने की इच्छा रखते हैं। इस समय वे जो शुल्क दे रहे, वह बेहद कम है। कुछ एशियाई बाजारों में एचबीओ चैनल 10 डॉलर प्रति महीने की दर पर उपलब्ध हैं।' (बीएस)






