दर्शकों से आसान से सवाल पूछकर एसएमएस या कॉल के जरिए जवाब पाने वाले टीवी क्विज शो अब इस तरीके से मोटी वसूली नहीं कर पाएंगे। चैनलों को अब नए नियमों का पालन करना होगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इंडियन ब्रॉडकास्टिंग फेडरेशन और न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन को इस आशय के दिशा निर्देश भेजे हैं। अब चैनलों को एसएमएस और कॉल की ऊंची दरें भी स्क्रीन पर दिखाना अनिवार्य होगा।
अधिकारियों का कहना है कि क्विज शो में दर्शकों से टेलीफोन के भारी भरकम शुल्क वसूले जाते हैं। मंत्रालय को इस आशय की कई शिकायतें मिली थीं। एडवायजरी के अनुसार इन गेम शो को तैयार ही इस तरह किया जाता है कि भोले भाले दर्शक जाल में फंस जाएं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कई बार टेलीफोन लाइनों को होल्ड पर रखा जाता है जिससे कॉल दरों में औार इजाफा हो जाता है।
कई चैनलों ने दावा किया कि ऐसे प्रोग्राम बाहर से तैयार किए जाते हैं। लेकिन मंत्रालय को इस दलील पर कोई यकीन नहीं हुआ। इसी वजह से यह दिशा निर्देश तैयार किए गए हैं। अब चैनलों को कॉल शुल्क और एसएमएस के बारे में पूरी जानकारी देनी होगी। जिस भाषा में कार्यक्रम हो जानकारी भी उसी में देनी होगी। साथ ही रिस्पांस सिस्टम ऐसा हो जो कॉल करने वाले को ज्यादा समय नहीं बर्बाद करना पड़े। मंत्रालय का मकसद पारदर्शी व्यवस्था बनाना है। साभार : एजेंसी






