सहारनपुर के वरिष्ठ पत्रकार व आजतक चैनल के रिपोर्टर अनिल भारद्वाज समेत नौ लोगों पर मुकदमा कायम हुआ है. यह मुकदमा भोलानाथ नामक व्यक्ति ने दर्ज कराया है. अनिल पर आरोप लगाया गया है कि वे फर्जी तरीके से पॉवर आफ अटार्नी बनवाए एक व्यक्ति से जमीन खरीद रहे थे. इस मामले की जानकारी जब भोला नाथ को हुई तो उन्होंने सदर थाने में आईपीसी की धारा 420, 467, 471, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है.
थाना सदर में दी गई शिकायत में भोला नाथ, निवासी मोहल्ला मुफ्ती हाल, शक्ति नगर ने कहा है कि वरिष्ठ पत्रकार अनिल भारद्वाज ने अपने साथियों के साथ जालसाजी करके एक फर्जी पावर ऑफ़ अटार्नी उनके नाम से बनवाई. उन्होंने उनके फर्जी हस्ताक्षर भी कर लिए लेकिन फोटो किसी दूसरे की लगा दी. पॉवर आफ अटार्नी तैयार होने के दो दिन बाद ही अनिल ने जमीन का बैनाम अपने और अपने साथी राकेश कश्यप के नाम करा लिया. इसके बाद जमीन बेचने की तैयारी शुरू की गई तब उन्हें इस बात की जानकारी मिली.
भोलानाथ की शिकायत पर पुलिस ने सदर थाने में राकेश कुमार कश्यप, रविंदर, धरम सिंह, विजय कुमार गुप्ता, अनिल भारद्वाज, सुमित कश्यप, अभिषेक, बृजमोहन और कलम सिंह एडवोकेट के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुक़दमा कायम किया है. मामले की जाँच की जा रही है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोप गंभीर है और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. हालांकि अखबारों को दिए गए अपने बयान में अनिल भारद्वाज ने कहा है कि उन्हें गलत फंसाया जा रहा है, वे तो जमीन खरीद रहे थे. जिसने फर्जी पॉवर आफ अटार्नी बनवाई है कार्रवाई तो उसके खिलाफ किया जाना चाहिए.







