: 8 दिसम्बर को कोर्ट में होगी पेशी : कोयला आवंटन घोटाला में कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल से जुड़ी खबर प्रसारित न करने की एवज में जबरिया सौ करोड़ रुपये मांगने के मामले में फंसे जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी और जी बिजनेस के संपादक समीर आहलूवालिया को अदालत में पेश होना पड़ेगा. साकेत कोर्ट ने पेशी वारट जारी किए हैं. महानगर दंडाधिकारी नेहा की अदालत ने निर्देश दिया कि दोनों संपादकों को 8 दिसंबर को अदालत के समक्ष पेश किया जाए.
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने साकेत कोर्ट में अर्जी दायर कर अपील की थी कि आरोपी सुधीर चौधरी व समीर आहलूवालिया को फिर से एक दिन की रिमाड पर लेने की जरूरत है. पुलिस इन दोनों आरोपियों व जी ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा से आमने-सामने पूछताछ करना चाहती है. इसी संबंध में अदालत ने दोनों संपादकों को पेशी वारंट जारी किए हैं. क्राइम ब्रांच ने जी ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा व उसके बेटे को तीसरी बार नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए आठ दिसंबर को बुलाया है.
पुलिस ने 2 अक्टूबर 2012 को कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल की कंपनी जिंदल स्टील पावर लिमिटेड की शिकायत पर जी न्यूज चैनल समूह के संपादक सुधीर चौधरी व बिजनेस हेड समीर आहलूवालिया, चेयरमैन सुभाष चंद्रा तथा उनके बेटे के खिलाफ साजिश रचने व वसूली करने का आपराधिक मामला दर्ज किया था. शिकायत में कहा गया था कि दोनों संपादकों ने कोल आवंटन से संबंधित खबरें नहीं दिखाने के लिए बतौर विज्ञापन सौ करोड़ रुपये की मांग की थी. पैसे नहीं दिए जाने पर कंपनी के खिलाफ जानबूझ कर गलत खबरें दिखाई गईं. सीडी की जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने दोनों संपादकों को 27 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया था.
जी-जिंदल प्रकरण की सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें-






