: आज होगी सुनवाई : नई दिल्ली : जी न्यूज और जिंदल ग्रुप के केस में जी ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा और उनके बेटे पुनीत गोयनका ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है. इस अर्जी पर आज सुनवाई होगी. सुभाष चंद्रा के अधिवक्ता ने बताया कि सुभाष चंद्रा और पुनीत गोयनका पुलिस की जांच में हर संभव सहयोग करना चाहते हैं, इसलिए एहतियात के तौर पर अग्रिम जमानत की अर्जी दी गई है ताकि पुलिस बेवजह उन्हें अरेस्ट ना करे.
दिल्ली क्राइम ब्रांच सुभाष चंद्रा और पुनीत गोयनका को पूछताछ के लिए तीन बार नोटिस भेज चुकी है. तीसरे नोटिस में दोनों से आठ दिसम्बर को पेश होने को कहा गया है. इसके लिए कोर्ट से दोनों संपादकों की पेशी का आर्डर भी मिल गया है. साकेत कोर्ट ने आठ दिसम्बर को दोनों संपादकों सुधीर चौधरी और समीर चौधरी को पेश होने का आदेश दिया है. पुलिस सभी को आमने सामने बैठाकर बात करना चाहती है.
गौरतलब है कि नवीन जिंदल की कंपनी ने आरोप लगाया है कि जी न्यूज ने खबर रोकने के लिए 100 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी. इसमें नवीन जिंदल की कंपनी की तरफ से दोनों संपादकों के अलावा सुभाष चंद्रा और उनके पुत्र पुनीत के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था. इस मामले में सुधीर चौधरी और समीर आहलूवालिया को पुलिस ने 27 नवम्बर को अरेस्ट किया था तथा कोर्ट ने दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी थी.






