बीबीसी प्रमुख ने मंगलवार को कहा कि दिवंगत जिम्मी सेविल के खिलाफ लगे यौन शोषण के आरोप काफी गंभीर मामला है जिससे विश्वास एवं ईमानदारी के संबंध में संस्थान की साख प्रभावित होगी। ब्रिटेन के सांसदों के कड़े सवाल झेल रहे संस्था के महानिदेशक जार्ज एंटविसल ने कहा कि बीबीसी अपना पूरा जोर लगा कर यह पता करने की कोशिश कर रहा है सेविल इस अपराध को छिपाने में कैसे सफल हुए। साथ ही उन्होंने इन आरोपों का खंडन किया कि बीबीसी ने पिछले साल के आखिर में न्यूजनाइट कार्यक्रम में इस प्रकरण की जांच को रोकने के लिए दबाव डाला।
उन्होंने संसद की संस्कृति, मीडिया एवं खेल समिति से कहा कि मेरे दिमाग में इस बात पर कोई सवाल नहीं है कि यह एक बेहद गंभीर मामला है। न्यूजनाइट कार्यक्रम के संपादक पीटर रिप्पन ने हालांकि सोमवार को अलग होने की घोषणा की थी। ब्रिटिश प्रसारणकर्ता के फैसले ने उसकी छवि को नुकसान पहुंचाया है और इसके चलते उस पर यह आरोप लगे हैं कि उसने अपने एक बड़े कलाकार के अपराध को छिपाया है। बच्चों के लिए टीवी कार्यक्रम बनाने में एक लंबे करियर के बाद इस कलाकार का पिछले साल 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। गौरतलब है कि दिसंबर में एक कार्यक्रम को नहीं प्रसारित करने के पीछे अलग-अलग ब्योरा देने के कारण बीबीसी की आलोचना हो रही है। इस कार्यक्रम से सेवील के शोषक चरित्र से पर्दा उठ सकता था। (एजेंसी)