: करोड़ों रुपए के पोस्ट डेटेड फर्जी चेकों के मामले में गैर जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज : कभी भी हो सकती है सब्रवाल की गिरफ्तारी : शिमला की एक फर्म श्रीतारा बिजनेस ग्रुप और ‘हिमाचल आजकल' न्यूज बुलेटिन के मालिक राजेश्वर सब्रवाल के खिलाफ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। करोड़ों रुपए के फर्जी पोस्ट डेटेड चेक देने के आरोप में सेब के आढ़ती चुन्नीलाल चौहान ने परवाणु थाना में सब्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी व ठगी की एफआईआर दर्ज करवाई है। यहां अपराधिक मामला गैर जमानती धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इसिलए सब्रवाल की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। सोलन के एसपी पीके ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
परवाणु थाना में दर्ज एफआईआर के मुताबिक राजेश्वर सब्रवाल की फर्म श्रीतारा बिजनेस ग्रुप और चुन्नीलाल चौहान के बीच करीब 47 करोड़ रुपए के सेब का लेनदेन हुआ। सब्रवाल ने लगभग 26 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया जबकि बाकी भुगतान में विवाद खड़ा हो गया। इस बीच राजेश्वर सब्रवाल ने चुन्नीलाल चौहान को करोड़ों रुपए के तीन अलग-अलग पोस्ट डेटेड चेक जारी किए। आरोप है कि इन तीनों पर किए गए हस्ताक्षर फर्जी निकले, जिस कारण ये चैक बाउंस हो गए। उल्लेखनीय है कि चुन्नीलाल चौहान ने राजेश्वर सब्रवाल के खिलाफ फर्जी चेक प्रकरण का मामला जिला सोलन की कसौली की अदालत में भी दर्ज किया है। अदालत से बार-बार समन जारी होने के बावजूद सब्रवाल को समन तामिल नहीं हुए। नतीजन हाल ही में अदालत ने राजेश्वर सब्रवाल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं। यह मामला सेब के लेन-देने का है जो कि 2 साल पहले का बताया जाता है।
राजेश्वर सब्रवाल मूलतः जम्मु-काश्मीर का रहने वाला है। जो पहले दिल्ली में कारोबार करता था। दिल्ली में भी कई विवादों के चलते वह शिमला आकर परिवार के साथ रहने लगा। यहां वह सेब का कारोबार करने लगा। शिमला में इसे राजू बख्शी के नाम से भी जाना जाता है। गौरतलब है कि राजेश्वर सब्रवाल ने 6-7 महीने पहले शिमला में ‘हिमाचल आजकल' नाम से न्यूज बुलेटिन भी शुरु किया था। यह बुलेटिन मोहाली (पंजाब) के एक न्यूज चैनल 7SEA पर चलता था। लेकिन धन का भुगतान न करने के कारण 7SEA ने यह बुलेटिन बंद कर दिया है।





