आरपीआई द्वारा असीम त्रिवेदी को बिग बॉस के घर सो बाहर करने के लिए किए गए पत्थरबाजी में साजिशकर्ता बनाए गए टीवी9 के तीन लोगों के खिलाफ लिखा गया मामला वापस ले लिया गया है. कलर्स चैनल की ओर से टीवी9 के रिपोर्टर पी रामदास, कैमरामैन सचिन चिंदेरकर तथा कार चालक को आईपीसी की धारा 120 बी के तहत नामजद किया गया था. कलर्स का आरोप था कि इन लोगों को कार्यालय पर हमले की पहले से जानकारी थी.
पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद मुंबई के पत्रकारों में रोष फैल गया. बाद में कलर्स के लोगों को जानकारी दी गई कि टीवी9 के किसी भी व्यक्ति को इस हमले की जानकारी नहीं थी. ये लोग कहीं और से खबर करके वापस लौट रहे थे और वहां पर हंगामा देखकर रूक गए. इसी दौरान पत्थरबाजी हो गई और इन लोगों ने घटना को कवर कर लिया. इन लोगों को ना तो हंगामें की पहले से जानकारी थी और ना ही पत्थरबाजी की. इसलिए यह मामला दुर्भावनावश लगाया गया है.
इसके बाद आपसी सहमति के आधार पर कलर्स चैनल ने मामला वापस लेने का निर्णय किया. मुंबई के एडिशनल सीपी विश्वास नागरे पाटिल, कलर्स चैनल के प्रतिनिधियों तथा पत्रकारों की मौजूदगी में इस मामले को सुलझा लिया गया. टीवी9 के रिपोर्टर समेत तीनों के उपर लगाया गया 120 बी का चार्ज वापस ले लिया गया. इस दौरान मुंबई के कई जाने माने पत्रकार भी मौजूद रहे.