वरिष्ठ पत्रकार तथा राष्ट्रीय सहारा, हमार टीवी, इंडिया न्यूज, नई दुनिया समेत कई मीडिया संस्थानों को अपनी सेवा दे चुके कुमार नरेंद्र सिंह के साथ राजस्थान के चुरू जिले के सरदार शहर में कांग्रेस के पूर्व एमएलए के गुर्गों द्वारा की गई मारपीट का विरोध शुरू हो गया है. इस हमले तथा पुलिस की लापरवाही के विरोध में मुगलसराय के पत्रकारों ने प्रदर्शन कर निंदा प्रस्ताव पास किया. साथ ही राजस्थान सरकार से कुमार नरेंद्र सिंह पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.
मुगलसराय के लाल बहादुर शास्त्री पार्क में पत्रकार केएन सिंह पर हुए हमले की निंदा करते हुए पत्रकारों ने कहा कि यह हमला चौथे स्तम्भ को कमजोर करने की कोशिशों का हिस्सा है, जिसका अमन चैन चाहने वाला हर वर्ग विरोध कर रहा है. उन लोगों ने कहा कि कुमार नरेंद्र सिंह जैसे वरिष्ठ पत्रकार पर हमला राजनीति के विकृत होते चेहरे का परिचाय है. पत्रकारों ने कुमार नरेंद्र सिंह पर हमला करने वाले पूर्व विधायक भंवरलाल शर्मा के गुर्गों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा. पत्रकारों ने राजस्थान सरकार से केएन सिंह की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.

गौरतलब है कि कुमार नरेंद्र सिंह के साथ चुरू के सरदार शहर में कांग्रेस के पूर्व विधायक भंवर लाल शर्मा के गुर्गों ने मारपीट की. पूर्व विधायक के चम्मचे लोकस्वामी मैगजीन में भंवर के खिलाफ प्रकाशित एक खबर से नाराज थे. केएन सिंह लोकस्वामी पत्रिका के संपादकीय सलाहकार हैं. वहीं भंवर आपराधिक चरित्र का व्यक्ति है. उससे तथा उसके गुर्गों से पूरा शहर दहशत में रहता है. पूर्व विधायक के गुर्गों ने केएन सिंह को यह भी धमकी दी कि बाहर वालों को यहां टिकने नहीं दिया जाएगा. तेरी तथा तेरी पत्रकारिता दोनों का बुरा हश्र किया जाएगा. तू यहां से नहीं गया तो तूझे जान से जाना पड़ेगा.
केएन सिंह जब पुलिस के पास पहुंचे तो पुलिस ने भी उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया. मुगलसराय के पत्रकार इसी बात से नाराज थे तथा अपना विरोध दर्ज कराया. विरोध करने वालों में राजीव कुमार, सरदार कमलजीत सिंह, भागवत नारायण चौरसिया, महेंद्र प्रजापति, संजय गुप्ता, मनोहर गुप्ता, कृष्णा गोंड, शमशेर बहादुर चौधरी, आनंद शर्मा, विजय जायसवाल आदि लोग मौजूद रहे.