खबर छपने से बौखला कर 'आज' समाचार पत्र के जिला प्रतिनिधि विनोद सिंह को अगवा करने के मामले में आज़मगढ़ जनपद के मेहनगर विधानसभा के सपा विधायक बृजलाल सोनकर पर आजमगढ़ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। 9 अक्टूबर आज समाचार पत्र में एक खबर 'रिश्तेदारों और ठेकेदारों के लिए हैं बने हैं जन प्रतिनिधि' प्रकाशित हुई थी, जिसमें सपा विधायक बृजलाल सोनकर पर वहां की जनता ने आरोप लगाया था कि विधायक जी जन शिकायतों के सम्बन्ध मे दिए जाने वाले आवेदनों पर शुल्क लेते हैं।
पहली बार विधायक बने बृजलाल सोनकर खबर छपने के बाद आज समाचार पत्र के जिला प्रतिनिधि विनोद सिंह को वाहन में जबरन अगवा कर बैठा लिए और प्रताड़ित किया, ऐसा पत्रकार ने कोर्ट को बताया। सबसे चौंकाने बात तो यह हैं कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जब आजमगढ़ के दौरे पर थे तो उनसे इस घटना की शिकायत भी पत्रकारों ने की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पंचायती राज मंत्री बलराम यादव के माध्यम से पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा भेजा था। जिले के पुलिस अधीक्षक से भी कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। आखिर थक कर विनोद सिंह को न्यायालय की शरण में जाना पड़ा। इस मामले को न्यायालय ने संज्ञान में लेते हुए आरोपी विधायक के खिलाफ संबंधित थाने को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। सपा के लोगों में इसके बाद बेचैनी बढ़ गई है।






