नोएडा : भोजपुरी महुआ इंटरटेनमेंट चैनल में दुर्दशा का सिलसिला लगातार तेज होते जाने की खबर है। ताजा घटनाक्रमों के मुताबिक महुआ की पूरी सेल्स टीम के सारे वरिष्ठों ने खुद को महुआ से बाहर निकलने का फैसला किया है। प्रेसीडेंट, सेल्स के बाद रीजनल हेड के इस्तीफे के बाद यह घटना से महुआ चैनल हिल गया है। खबर है कि इन सभी लोगों ने ई-टीवी ज्वाइन कर लिया है। महुआ को बाय-बाय कहने वाले लोगों में पटना के सेल्स प्रमुख रविशंकर प्रसाद, रांची के सेल्स प्रमुख ओंकार मिश्र, लखनऊ के सेल्स प्रमुख कमल कुमार ओमर और नोएडा के सेल्स प्रमुख नवनीत शर्मा शामिल हैं। स्टेट हेड के पदों पर कार्यरत इन चारों लोगों को ईटीवी में सम्मानित करते हुए पदस्थापित किया गया है।
गौरतलब है कि ईटीवी इस समय खुद को बाजार में अपनी बेहतर हैसियत बढ़ाने की कवायद में जुट गया है। ताजा घटनाक्रम इसी अभियान के तहत बताया जाता है। बताते चलें कि करीब एक साल पहले महुआ में तब भगदड़ शुरू हो गयी थी जब सेल्स के प्रेसीडेंट निखिल सेठ ने महुआ को छोड़ दिया था। इसके बाद से रीजनल हेड रहे हर्षवर्द्धन द्विवेदी ने महुआ से किनारा कर दिया था। लेकिन इस ताजा घटनाक्रम के चलते इस चैनल की पूरी सेल्स टीम ही तहत-नहस हो गयी बताते हैं।





