दैनिक जागरण, धनबाद एडिशन के मोडम प्रभारी सतीश सिंह की एक सड़क हादसे में मौत हो गई. सतीश 46 वर्ष के थे. वे पिछले कई सालों से दैनिक जागरण को मैथ्न में अपनी सेवाएं दे रहे थे. उनके निधन से पत्रकारों में शोक व्याप्त है. सतीश गुरुवार को अपनी बाइक लेकर समाचार कवरेज के लिए गए थे. इसके बाद वे खबर संकलन के लिए मैथन थाने पहुंचे वहां से निकलकर वे आफिस की तरफ जा रहे थे. इसी बीच धनबाद से कोलकाता की तरफ जा रहे चौदह चक्के वाले गैस लदे टैंकर एचआर 38 आर – 8541 ने उन्हें टक्कर मार दिया.
टक्कर लगने के पश्चात सतीश सिंह बाइक सहित नीचे गिर गए तथा टैंकर के चक्के की चपेट में आ गए, जिसके चलते उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस, पत्रकार, नेता तथा स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ लग गई. घटना स्थल पर विधायक अरुप चटर्जी, पूर्व विधायक अपर्णासेन गुप्ता, मन्नु तिवारी, दैनिक जागरण आसनसोल के प्रभारी राकेश उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप सुमन समेत तमाम लोग पहुंच गए. इस दौरान लगभग तीन से चार घंटे तक एनएच2 बाधित रहा.
पुलिस ने सीबीआई में कार्यरत सतीश सिंह के भाई के आने के बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद में सराय ढेला भेजा. पीएम होने के बाद सतीश सिंह का अंतिम संस्कार धनबाद के कलनश्री घाट पर कर दिया गया. सतीश सिंह के निधन से पूरे धनबाद मंडल के पत्रकारों में शोक व्याप्त है. सतीश सिंह बहुत ही मिलनसार पत्रकार थे. पत्रकारों ने शुक्रवार को मैथन मोड़ स्थित बीएसके कालेज के मैदान में शोक सभा का आयोजन किया है. इसमें सतीश सिंह को श्रद्धांजलि दी जाएगी.





