हिंदुस्तान ने अमर उजाला, गाजियाबाद को बड़ा झटका दिया है. गाजियाबाद में कार्यरत पांच लोगों ने इस्तीफा देकर हिंदुस्तान, बरेली ज्वाइन कर लिया है. सिटी इंचार्ज के रूप में कार्यरत अनुरोध भारद्वाज ने हिंदुस्तान में डीएनई के रूप में ज्वाइन किया है. वे अमर उजाला में चीफ रिपोर्टर के पद पर कार्यरत थे. वे लगभग 16 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे इसके पहले वे गाजियाबाद में आज, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पिछले दो सालों से अमर उजाला से जुड़े हुए थे.
अमर उजाला से आमोद कौशिक ने भी इस्तीफा दे दिया है. वे गाजियाबाद में सीनियर रिपोर्टर के पद पर कार्यरत थे. बरेली में प्रिंसिपल करेस्पांडेंट के पद पर ज्वाइन किया है. इसके पहले वे गाजियाबाद में नवभारत टाइम्स, डीएलए, राष्ट्रीय सहारा तथा आकाशवाणी को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पिछले दो सालों से वे अमर उजाला के साथ थे. मृत्युंजय मिश्र ने भी इस्तीफा देकर हिंदुस्तान ज्वाइन कर लिया है. वे अमर उजाला में सीनियर करेस्पांडेंट थे. बरेली में उन्हें प्रिंसिपल करेस्पांडेंट बनाया गया है. उन्होंने अमर उजाला के साथ ही अपने करियर की शुरुआत की थी तथा पांच सालों से जुड़े हुए थे.
अनुराग शुक्ल ने भी अमर उजाला, गाजियाबाद से इस्तीफा दे दिया है. वे यहां पर सब एडिटर थे. उन्हें हिंदुस्तान में सीनियर सब एडिटर बनाया गया है. वे 2008 से अमर उजाला से जुड़े हुए थे. इनके साथ मुदित त्यागी ने भी अमर उजाला से इस्तीफा देकर हिंदुस्तान ज्वाइन कर लिया है. मुदित पिछले चौदह सालों से गढ़ मुक्तेश्वर के प्रभारी थे. उन्होंने यहां पर सीनियर रिपोर्टर के पद पर ज्वाइन किया है. उन्हें लखीमपुर खीरी का प्रभारी बनाया जाएगा. बताया जा रहा है कि इन लोगों के अलावा अमर उजाला के लगभग आधा दर्जन और लोग हिंदुस्तान के संपर्क में हैं. जल्द ही ये लोग भी बरेली में हिंदुस्तान ज्वाइन कर लेंगे.





