इलेक्ट्रानिक मीडिया से कुछ खबरें। जी न्यूज के वरिष्ठ पत्रकार अशोक सिंहल ने इस ग्रुप को टाटा बाय-बाय बोल दिया है। उन्होंने आज तक ज्वाइन कर लिया है। कई वर्षों से जी न्यूज के साथ जुड़े रहे अशोक सिंहल कई बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ प्रबंधन से बेहद नजदीकी रिश्तों के लिए जाने जाते हैं। आज तक न्यूज चैनल में उन्होंने डिप्टी एडीटर पद पर ज्वाइन किया है। पिछले दिनों आज तक से दीपक चौरसिया ने इस्तीफा दिया था जिसके चलते किसी वरिष्ठ पत्रकार की यहां जरूरत महसूस की जा रही थी।
अशोक सिंहल को लाकर आज तक प्रबंधन ने दीपक की जगह भरने की कोशिश की है पर यह कोशिश कितनी सफल हो पाती है, इसका पता भविष्य में ही चल सकेगा।
न्यूज 24 चैनल से जूनियर लेवल के तीन लोगों ने इस्तीफा देकर बेहतर पद व पैसे पर दूसरे जगहों पर ज्वाइन किया है। सौमित्र शंकर और कुमार चिंतन ने त्रिवेणी ग्रुप के वायस आफ इंडिया न्यूज चैनल को ज्वाइन किया है तो अलका ने जी बिजनेस के साथ नई पारी शुरू कर दी है।











