पूर्वी दिल्ली के मंडोली इलाके में सोमवार की सुबह एक हिंदी अखबार के पत्रकार को चार अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर लूट लिया. विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की गई. पीडि़त पत्रकार ने हर्ष विहार थाने में मोबाइल और पर्स लूटे जाने की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
मंडोली इलाके में रहने वाले हरिशंकर ने अपने शिकायत में कहा है कि वह एक हिंदी दैनिक अखबार में संवाददाता है. कल सुबह जब वह छह बजे मार्निंग वाक पर निकला तो एक जगह उसे चार युवक घूमते दिखे. युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया तथा उसे पकड़कर एक गली के कोने में ले गए. वहां चारों युवकों ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया तथा उसका पर्स एवं मोबाइल छीन लिया.
रिपोर्ट में हरिशंकर ने बताया है कि जब उसने इसका विरोध किया तो चारों ने मिलकर उसकी लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद वे मौके से फरार हो गए. इसके बाद हरिशंकर ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की शिकायत दर्ज की. हरिशंकर ने बताया कि मोबाइल के अलावा जिस पर्स को बदमाशों ने लूटा उसमें जरूरी कागजात के अलावा 200 रुपये थे.











