समर को हिंदुस्तान टाइम्स का मैनेजिंग एडीटर बनाया गया है। वे इससे पहले एचटी में ही मुंबई में संपादक थे। समर ने एचटी को बतौर एडीटर- नेशनल इंवेस्टीगेशन पद पर वर्ष 2006, मई में ज्वाइन किया था और तब से यहीं लगातार तरक्की की सीढ़ियां चढ़ते जा रहे हैं। एचटी के पहले समर इंडियन एक्सप्रेस के रेजीडेंट एडीटर थे और इससे भी पहले उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप के साथ काम किया था। समर की नियुक्ति के बारे में आधिकारिक जानकारी एचटी मीडिया की तरफ से शुक्रवार को जारी एक सरकुलर में दिया गया है। इससे पहले एचटी के मैनेजिंग एडीटर पंकज पाल थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जुलाई में एचटी ने जब अपने एडीटर इन चीफ चैतन्य कालबाग को खोया तो उसके एक साल बाद तक एचटी को इस पद पर कोई दूसरा व्यक्ति नहीं मिला और अखबार चलाने वाले दो मैनेजिंग एडीटरों से एचटी को एक एक कर हाथ धोना पड़ा। मैनेजिंग एडीटर पंकज पाल और एडीटर दिल्ली राहुल शर्मा, दोनों ने ही पिछले दिनों छोड़ दिया। पाल अंतिम दिन 1 जुलाई 2008 को आफिस आए। शर्मा 7 जुलाई को छोड़ गए।
इन दोनों वरिष्ठों की विदाई के बारे में आंतरिक मेल एचटी मीडिया की वाइस चेयरपरसन और एडीटोरियल डायरेक्टर शोभना भरतिया ने जारी किया। बाद में सीईओ राजीव वर्मा ने भी इनके जाने की पुष्टि की।
उल्लेखनीय है कि पाल मूलतः अमेरिका में ग्राफिक और डिजाइन के विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत थे जिन्होंने एचटी के मैनेजिंग एडीटर के रूप में वर्ष 2007 के मध्य में ज्वाइन किया था और अब एचटी छोड़कर फिर वापस अमेरिका चले गए हैं। वे भारत में खुद को फिट नहीं महसूस कर रहे थे और अमेरिका जाना चाहते थे। राहुल शर्मा जिन्हें चैतन्य कालबाग रायटर, सिंगापुर से ले आए थे, ने अब खलीज टाइम्स, दुबई की ओर रुख कर लिया है। खलीज टाइम्स खाड़ी देशों का नंबर एक अखबार है और वे इसके संपादक के रूप में ज्वाइन कर रहे हैं।
एचटी मीडिया में एक अन्य घटनाक्रम के तहत अब स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की हेड और स्पोर्ट्स एडीटर कादंबरी मुरली के बारे में बताया जाता है कि वे अब सीधे शोभना भरतिया को रिपोर्ट करेंगी।











