आलोक मेहता के नेतृत्व में दिल्ली से जल्द आ रहे नई दुनिया अखबार ने दैनिक हिंदुस्तान के दिल्ली मुख्यालय में भूकंप मचाने के बाद रुख एनसीआर की तरफ कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि एनसीआर के जिलों से कम से कम 35 हिंदुस्तानियों को नई दुनिया अपने पाले में लाएगा। इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। पता चला है कि हिंदुस्तान, गाजियाबाद आफिस में कार्यरत पांच लोगों ने एक साथ इस्तीफा देकर नई दुनिया की नाव पर सवार हो गए हैं। इनके नाम हैं- मदन पांचाल, महमूद अली, संदीप चौधरी, कुलदीप कांबोज और शिवम गिरि। शिवम गिरि फोटोग्राफर हैं और संदीप चौधरी डिजायनर। बाकी तीन रिपोर्टर। ये लोग अभी बतौर स्ट्रिंगर के तौर पर लंबे समय से काम कर रहे थे।
सूत्रों का कहना है कि ये तो अभी शुरुआत भर है। आगे आने वाले दिनों में हिंदुस्तान के कई जिलों के वरिष्ठ लोग भी नई दुनिया के साथ खड़े दिखेंगे। उधर, दैनिक हिंदुस्तान, नई दिल्ली के कर्ताधर्ताओं ने आसन्न खतरों को देखते हुए एनसीआर इलाके में पहले से ही भर्तियां शुरू कर दी है। इसी क्रम में पिछले दिनों दो लोगों ने गाजियाबाद आफिस में ज्वाइन किया था। नई दुनिया की मुहिम को देखते हुए हिंदुस्तान का भर्ती अभियान अगले दिनों में और तेज हो सकता है।











