हिंदी मीडिया के विस्तार के इस दौर में हरियाणा में एक नए तरह का प्रयोग होने जा रहा है। पंजाब केसरी के जनरल मैनेजर पद से इस्तीफा देकर अपनी कंपनी शार्प विजन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड खड़ी करने वाले कुलदीप श्योरान ‘अभी-अभी’ नाम से हरियाणा में एक बहुसंस्करणीय संपूर्ण सांध्य दैनिक लाकर कई नए रिकार्ड बनाने की तैयारी में हैं। हरियाणा में प्रत्येक 40 किमी पर एक प्रिंटिंग मशीन लगाने की योजना के तहत कुलदीप कुल 10 प्रिंटिंग मशीनें लगवा रहे हैं।
इसके जरिए हरियाणा के पाठक इस शाम के अखबार में शाम साढ़े तीन बजे तक की खबरें पढ़ सकेंगे। ‘अभी-अभी’ का हरियाणा में 10 प्रिंटिंग सेंटरों से प्रकाशन के अलावा अंबाला से चंडीगढ़ एडीशन व गुड़गांव से दिल्ली एडीशन भी प्रकाशित किया जाएगा ताकि हरियाणा की खबरें प्रदेश की राजधानी के साथ-साथ देश की राजधानी के शासन-प्रशासन व नीति निर्माताओं तक भी पहुंचे। इस मीडिया प्रोजेक्ट पर पांच वर्ष में 75 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। हालांकि कुलदीप श्योरान दावे के साथ कहते हैं कि ‘अभी-अभी’ को जिस दिन लांच किया जाएगा वह उसी दिन से प्राफिट में आ जाएगा, ऐसी योजना तैयार की गई है। और अगर ऐसा हुआ तो यह अपने आप में एक रिकार्ड होगा।
अखबार की लांचिंग की तैयारियों के सिलसिले में दिल्ली आए कुलदीप श्योरान ने भड़ास4मीडिया से एक मुलाकात के दौरान अपने नए प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने बताया कि वे अखबार के निदेशक होने के साथ-साथ वे ही इसके संपादक होंगे और प्रत्येक प्रिंटिंग सेंटर पर चीफ रिपोर्टर ही संपादकीय प्रभारी होगा। अलग से रेजीडेंट एडीटर नहीं रखा जाएगा। प्रत्येक प्रदेश की राजधानी में ‘अभी-अभी’ का प्रतिनिधि तैनात होगा। उन्होंने बताया कि वे पहली बार ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं जिसमें ब्लाक स्तर के रिपोर्टरों को भी स्टाफर की तरह सेलरी दी जाएगी। दूसरे अखबारों लिखे गए मैटर को कालम सेंटीमीटर के हिसाब से नापकर पेमेंट दिया जाता है। कुलदीप बताते हैं कि उनके साथ जो संपादकीय टीम जुड़ेगी, उसे वे अच्छी सेलरी के साथ कंपनी के प्राफिट में से भी हिस्सा देंगे। बाकी अखबार ऐसा सिर्फ मार्केटिंग व विज्ञापन से जुड़े लोगों के लिए ही करते हैं। वे इसके दायरे में संपादकीय टीम को भी लाएंगे।
इस 12 पेज के संपूर्ण रंगीन अखबार का मुख्यालय गुड़गांव में होगा और एनसीआर इलाके में यह अखबार यहां की जरूरत के हिसाब से निकाला जाएगा। शुरुआत में हरियाणा के हर जिले में औसतन 15 हजार के प्रसार का टारगेट रखा गया है। इस तरह से कुल ढाई से तीन लाख कापियों का टारगेट संपूर्ण हरियाणा के लिए है।
कुलदीप ने जानकारी दी कि स्टाफ की भर्ती शुरू हो चुकी है। पहले चरण में संपादकीय के लोगों को नियुक्त किया जा रहा है और नियुक्ति में स्थानीयता को तवज्जो दी जा रही है ताकि रिपोर्टर हरियाणा के मिजाज व कल्चर को अच्छे से समझने वाला हो। अगले चरण में मार्केटिंग व प्रोडक्शन से जुड़े लोगों का अप्वायंटमेंट किया जाएगा।
अखबार लांचिंग की तारीख के बारे में उन्होंने बताया कि यह अक्टूबर में लांच होगा और शुरूआत में इसके चार संस्करण एक साथ लांच होंगे फिर क्रमशः तीन-तीन संस्करण लांच किए जाएंगे।
मीडिया में बड़े अखबारों के साथ काम करने का कुल 14 वर्षों का अनुभव रखने वाले इस युवा निदेशक कुलदीप श्योरान ने करियर की शुरुआत वर्ष 1994 में दैनिक ट्रिब्यून के साथ की। यहां वे एक साल रहे और 1995 में पंजाब केसरी ज्वाइऩ किया जहां वे दो वर्षों तक काम करने के बाद वर्ष 1997 में दैनिक जागरण के साथ हो लिए। तीन साल बाद दैनिक भास्कर ज्वाइन किया जहां वे 2002 तक रहे। इसके बाद उन्होंने पंजाब केसरी में वापसी की और यहां लगातार छह वर्षों तक काम करने के बाद पिछले माह जनरल मैनेजर पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद शार्प विजन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी गठित की जिसमें उनके अलावा तीन अन्य निदेशक भी हैं लेकिन कंपनी चलाने का संपूर्ण दायित्व कुलदीप पर है।
एक सफल मीडिया प्रोफेशनल की पारी खेलने के बाद कुलदीप का एक सफल रीजनल मीडिया मुगल बनने का सपना हकीकत में कितना तब्दील हो पाता है, ये तो समय बताएगा पर इस नौजवान का आत्मविश्वास के साथ नई पारी का आगाज़ सुनहरे भविष्य की ओर इशारा करता है। तभी तो, उनके एक इशारे पर पंजाब केसरी के दो संस्करणों के 17 संपादकीय कर्मी एक साथ इस्तीफा देकर साथ खड़े हो जाते हैं। कुलदीप कहते हैं- ये तो शुरुआत है। आगे-आगे देखिए, होता है क्या। यह कहते हुए चेहरे पर रणनीतिक मुस्कान दौड़ जाती है।
इस नए प्रोजेक्ट के बारे में जानने व इससे जुड़ने के लिए फिलहाल [email protected] पर मेल करके संपर्क किया जा सकता है।











