राजस्थान के परिवहन विभाग के कमिश्नर रहे आईएएस अफसर जगदीश चंद्र अरोड़ा ने ब्यूरोक्रेसी से वीआरएस लेकर अब मीडिया के फील्ड में कदम रख दिया है। वे एक सितंबर को ईटीवी राजस्थान और मध्य प्रदेश के चीफ के रूप में काम संभालेंगे। आरएएस से प्रमोट होकर आईएएस बने जगदीश चंद्र अरोड़ा राजस्थान में जगदीश कातिल नाम से लोकप्रिय हैं। बताया जाता है कि जगदीश को ईटीवी राजस्थान और मध्य प्रदेश का प्रभार आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर दिया गया है। चर्चा है कि इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी के रणऩीतिकारों और ईटीवी के सुप्रीमो रामोजी राव के बीच अच्छी खासी रकम पर डील की गई है। इस डील के तहत दोनों राज्यों के चुनावों में ईटीवी नेटवर्क भाजपा के लिए काम करेगा। जगदीश कातिल के ईटीवी के दो प्रदेशों का प्रभार संभालने के बाद इन दोनों राज्यों में ईटीवी की टीम में भी बड़े स्तर पर फेरबदल की संभावना है।
जयपुर में ब्यूरो चीफ के रूप में काम देख रहे प्रताप राव को अब ईटीवी ने अपने मुख्यालय हैदराबाद बुला लिया है। प्रताप राव की जगह दैनिक भास्कर के पूर्व वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा के लाये जाने की चर्चा है। अजय शर्मा को जगदीश कातिल का खास बताया जाता है। अजय शर्मा जयपुर के वरिष्ठ पत्रकारों में माने जाते हैं और भास्कर में उन्होंने कई वर्षों तक नेतृत्वकारी भूमिका में अपनी सेवाएं दी हैं। पिछले कुछ वर्षों से वे रीयल स्टेट से जुड़ी एक कंपनी में शीर्ष भूमिका में काम कर रहे हैं। ईटीवी के राजस्थान और मध्य प्रदेश के नए चीफ जगदीश कातिल के प्रभार संभालने को लेकर मीडिया हलके में काफी सरगर्मी है। जयपुर और भोपाल से लेकर दिल्ली तक में यह खबर चर्चा में है। विश्लेषकों का कहना है कि दक्षिण भारत में यह ट्रेंड पहले से रहा है जब चुनाव के समय मीडिया हाउस किसी खास पार्टी के लिए काम करती हैं। उत्तर भारत में यह पहली बार हुआ है जब कोई चैनल किसी राजनीतिक पार्टी से इकट्ठे समझौता कर उस पार्टी के हिसाब से चैनल के संचालन के लिए नियुक्तियां की हों। जगदीश कातिल राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में काफी प्रभावशाली और चर्चित शख्सीयत बताए जाते हैं। ये जयपुर विकास प्राधिकरण और अन्य कई विभागों के प्रमुख रहे हैं। बताया जाता है कि जगदीश कातिल का रिटायरमेंट 2010 में होना था लेकिन उन्होंने पहले ही वीआरएस ले लिया है। उनके वीआरएस का अप्लीकेशन सरकार ने कुछ ही रोज पहले मंजूर कर लिया और परिवहन विभाग के लोगों ने एक पार्टी देकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दे दी हैं। अब देखना है कि नौकरशाही में अपना जलवा बिखरने वाले जगदीश कातिल मीडिया में कितना कुछ नया कर पाते हैं। फिहलहाल भड़ास4मीडिया की तरफ से जगदीश कातिल को नए कार्यभार की अग्रिम शुभकामनाएं।











