दैनिक जागरण, नोएडा के सेंट्रल डेस्क पर कार्यरत डिप्टी न्यूज एडीटर आदर्श प्रकाश सिंह ने इस संस्थान को छोड़ने के लिए नोटिस दे दिया है। वे नई दिल्ली से जल्द लांच होने वाले नई दुनिया अखबार में बतौर ज्वाइंट न्यूज एडीटर जल्द ही ज्वाइन करने वाले हैं। आदर्श पिछले चार वर्षों से दैनिक जागरण के साथ हैं। उन्होंने लखनऊ में दैनिक जागरण में वर्ष 2004 में मार्च महीने में ज्वाइन किया था। वहां डेढ़ साल काम करने के बाद नई दिल्ली में दैनिक जागरण के सेंट्रल डेस्क पर आ गए।
वरिष्ठ पत्रकार आदर्श ने अपना करियर वर्ष 1984 में लखनऊ में नवभारत टाइम्स से शुरू किया पर इस अखबार लखनऊ संस्करण बंद होने के बाद वे कई जगहों पर काम करते और छोड़ते रहे। उन्होंने मेरठ में अमर उजाला, बीकानेर में राजस्थान पत्रिका और गोरखपुर में राष्ट्रीय सहारा में अपनी सेवाएं दीं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के क्रांतिकारी गांव पैना के निवासी आदर्श प्रकाश इस वक्त हिंदी प्रिंट मीडिया के जनरल डेस्क के उन चुनिंद पत्रकारों में से हैं जो समाचार और उसकी समझ को संपूर्णता में ग्रहण करने के साथ उसे एक नए तेवर व कलेवर में पेश कर पाने की क्षमता रखते हैं। नई पारी के लिए आदर्श प्रकाश को शुभकामनाएं।











