Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

साहित्य

उनकी भाषा असल जीवन की सांस है

: एक जनवरी काशीनाथ सिंह के जन्‍मदिन पर : काशीनाथ सिंह का लेखन गांव-जवार की बोली-वाणी से संचालित होता है। उनकी भाषा में जिंदगी और जिन्दादिली से भरे हुए भाव अनिवार्य रूप से मौजूद हैं। ग्लोबल दुनिया में उनकी भाषा ग्लोबल नहीं, गर्वीली है। वहां जीवन हू-ब-हू उसी रूप में मौजूद है जिसमें कि असल जीवन सांस लेता है। हंसी-मजाक, भदेसपन, व्यंग्य-विनोद, टिटकारी, चुहलपन, गाली-गलौज, खिलंदड़पन अंदाज से सराबोर भाषा को अगर असल रूप में न देखा जाए तो लगेगा कि अरे यह तो किशोरचित हरकतें हैं, जिसे बुढ़ापे में भी काशीनाथ अंजाम दे रहे हैं। पर यदि समय-समाज के बदलाव और अपने समय से जूझने और बूझने के उद्यम के रूप में देखेंगे तो लगेगा की अरे यही तो हम सोच रहे थे।

: एक जनवरी काशीनाथ सिंह के जन्‍मदिन पर : काशीनाथ सिंह का लेखन गांव-जवार की बोली-वाणी से संचालित होता है। उनकी भाषा में जिंदगी और जिन्दादिली से भरे हुए भाव अनिवार्य रूप से मौजूद हैं। ग्लोबल दुनिया में उनकी भाषा ग्लोबल नहीं, गर्वीली है। वहां जीवन हू-ब-हू उसी रूप में मौजूद है जिसमें कि असल जीवन सांस लेता है। हंसी-मजाक, भदेसपन, व्यंग्य-विनोद, टिटकारी, चुहलपन, गाली-गलौज, खिलंदड़पन अंदाज से सराबोर भाषा को अगर असल रूप में न देखा जाए तो लगेगा कि अरे यह तो किशोरचित हरकतें हैं, जिसे बुढ़ापे में भी काशीनाथ अंजाम दे रहे हैं। पर यदि समय-समाज के बदलाव और अपने समय से जूझने और बूझने के उद्यम के रूप में देखेंगे तो लगेगा की अरे यही तो हम सोच रहे थे।

वह समय-संस्कृति को जीवन की आंख से आंकते हैं। उन्हें कबीर की तरह चिंता है कि ‘ठगवा नगरिया को लूट न ले जाए।’ ‘कौन ठगवा नगरिया लूटल हो’- में जो उन्होंने हमारी हंसी-खुशी को छीन लेने वाले, ईश्वर को गुलाम बनाने वाले, बाजार परोसने वालों को जीवन के नजरिये से चिन्हित किया है, वह अपने कथ्य और शिल्प में अद्भुत है। राष्‍ट्रीय नाट्य विद्यालय के छात्रों ने इसका नाट्य मंचन भी किया है। जीवन की संस्कृति के रंग को वे बहुत ‘वैचारिकता की राजनीति’ में न जाकर उसी जीवन को उसके असल संदर्भ से देखते हैं। और तब लगने लगता है कि सिद्धांत में नहीं, बल्कि जनजीवन के व्यवहार में वे वैश्वीकरण, बाजार और बाजारूपन के खिलाफ हो-हल्ला बोलते हैं। अब यह भी कहा जाता है कि वैचारिकता उनके लिए बस किताबी मामला रह गया है। उनकी 60वीं वर्षगांठ पर प्रो. बलराज पांडे ने अपने गुरु को इस रूप में देखा था (उस कार्यक्रम में ‘प्रतिपक्ष’ नहीं था)- ‘जीयनपुर (काशीनाथ जी का गांव) की नागफनी के फल से निकला रसवाला लाल रंग अब सिर्फ पुस्तक तक ही सिमट कर रह गया है, व्यवहार जगत से उसका कोई रिश्ता शेष न रहा।’

काशीनाथ के लिए लिखना जीवन से अलग नहीं है (इसका मतलब यह नहीं कि दूसरों के लिए लिखना जीवन से अलग है)। गांव-गंवई और हमारे जीवन की आत्मा का अपहरण करने वाली डॉलर संस्कृति को वे ‘पूतना की गोद’ कहते हैं। ‘काशी का अस्सी’ के ‘संतों, असंतों और घोंघाबसंतों का अस्सी’ में ग्लोबलाइजेशन को जिस अंदाज में उनके पात्र ने समझाया है उसे सिर्फ बतकही या खाली दिमाग शैतान का समझना भारी भूल होगी। …‘‘ है हमारी हैसियत एक बार भी अमेरिका जाने की? हमारा घर उनका घर है लेकिन उनका घर उन्हीं का घर है, हमारा-तुम्हारा नहीं। … कल बनारस को चमकाएंगे, परसों दिल्ली को ठीक करेंगे, नरसों पूरे देश को ही गोद ले लेंगे और झुलाएंगे-खेलाएंगे अपनी गोदी में! यह बाद में पता चलेगा कि हम किसकी गोद में हैं- जसोदा मइया की कि पूतना की? ’’

चाहे वे लाई चना खा रहे हों या चूड़ा-मटर या चाय-पान पी-खा रहे हों, उनके लिए सबसे बड़ी बात है सहजता। उनसे बतियाने में ज्यादा ‘लहटम-पहटम’ नहीं करना पड़ता। हालांकि उनके वर्तमान और ‘भूत’ संगी-साथी के अनुभव इसके गवाही नहीं देते। काशी के जितने भी रंग और रूप हों, लेकिन उन्हें पढ़ते-सुनते हुए और थोड़ा बहुत बतियाते हुए यह लगा कि उनकी लेखनी की बतकही में जीवन से जूझना और बूझना अनिवार्य रूप से शामिल है। वहां बदलाव की ‘गदगदाहट’ और विकास की ‘खिलखिलाहट’ को जानने-बूझने की पहल है। उसे आम आदमी की जमीन पर उसकी मेहनत की कसौटी पर समझने की चाह है।

एक और बात जो उनमें खास है वह यह कि काशी के रंग चाहे जितना ‘पोलिटिकली करेक्ट’ हों, लेकिन वह काफी साफ है। वहां झोल-झाल नहीं है। (लेकिन उनके एक जीते-जागते पात्र की मानें तो वहां झोल-झाल के अलावा कुछ नहीं है!) अगर कहीं मुंहदेखी बात कर रहे हों, आशीर्वादी मुद्रा में हों या बचके निकल जाने वाले हों, सतर्की हों- काफी साफ और सचेत रंग हैं उनके! एक चीज जो इन सब के बावजूद खास है वह है उनका घनघोर साहस। उस साहस में कहीं से कटुता या उपद्रव नजर नहीं आता। बहुत शान्त, विनम्र और विचारणीय तथा स्पष्ट नजरिये के साथ वे बात रखते हैं।

याद है स्व. विद्यानिवास मिश्र की जयंती (14 जनवरी) पर उनके भाषण की। बहुत खुलकर पंडित जी से नामवर जी के दोस्ताना और परिवार की निकटता और पंडित जी के ‘जातिवाद’ (पंडित जी पर जातिवादी आरोप निराधार हैं ) को उन्होंने रखा और कहा कि पंडित जी का जो विचलन रहा उस पर बहस होनी चाहिए। उनके वैचारिक-रचनात्मक विकास क्रम को देखा जाना चाहिए। पंडित जी के आकाश को और ज्यादा खुला बहसतलब और गर्म रखनी चाहिए। काशी नाथ जी ‘परिस्पंद’ (विनिमि का निवास) में जब ये बोल रहे थे तो कहीं से उदण्‍ड और उपद्रवी या चोट पहुंचाने वाले नहीं दिखे, क्योंकि उनका सत्साहस सचमुच धरती पर था। पंडित जी के अवदानों को लेकर गंभीर था। यह अलग बात है कि कहने वाले यह भी चुपके से बोल पड़े कि क्या विद्यानिवास जी की उपस्थिति में भी काशीनाथ उतने ही सत्साहसी दिखते!

खैर कहने-समझने वाले तो जो कहना है कहेंगे ही। लेकिन काशीनाथ के लिए अस्सी, बनारस, जनजीवन और जनसंस्कृति, गंगा का मतलब है जिंदगी की गलियों में खुली आंखों और नंगे तलवे चलना। ‘…अरे भारतेन्दु, प्रेमचंद, जयशंकर  प्रसाद, द्विवेदी ऐसा कौन है जिसे तंग मिजाज, संकीर्ण, दकियानूस, चक्करदार पथरीली गलियों ने भटकाने और भरमाने की कोशिश न की हो।’ और गंगा का उनके लिए मतलब है- अप्रतिहत गति, सतत प्रवाह, कलकल उच्छल जीवन, खुला आकाश, हवा, आवेग, प्रकाश, अछोर, अनंत विस्तार…। और अस्सी? तो भाई ‘जिसने अस्सी घाट का पानी पी लिया, उसके लिए दुनिया जहान का पानी खरा है।’ औघड़-संस्कृति की जायज-नाजायज औलादों की राष्‍ट्र भाषा से चुहेड़ों और चुडुक्कों का अड्ड़ा गुलजार रहता है। (साभार-सविनय काशीनाथ जी)

काशीनाथ जैसे चुहल, चिकोटी काटने वाले कुशल किस्सागो में बनारस की गलियां, मोहल्ले और मस्ती से भरी जीवन संस्कृति रची-बसी हई है। उनका गद्य भारतेन्दु की तरह ‘हँसमुख गद्य’ है। उनके गुरु विजय शंकर मल्ल ने भारतेन्दु के गद्य को हँसमुख कहा है। अपने गुरुओं के संस्मरण में भी काशीनाथ चुहल और चिकोटी काटने में परहेज नहीं करते, चाहे ‘वेज’ हो या ‘नॉनवेज।’ ‘‘गुरुदेव कौ अंग उर्फ बुढ़वा मंगल’’ को देख लिजिए- ‘‘मल्ल जी के बदन पर एक लम्बा भूरा कोट रहता था। यही भूरा कोट पहनकर सन् 48 में हिन्दी विभाग आए और यही पहने-पहने 81 में रिटायर हो गये।’’ चाहे डॉ. बच्चन सिंह हो या मल्ल जी या अन्य गुरु काशीनाथ ने सबसे रचना की जमीन पर बकझक एवं चुहल की है। और अपने संस्मरणों में वे गुरुओं को उसी अंदाज में बांचते हैं जैसे कॉलेज-हॉस्टल के लडक़े-लड़कियों की गॉसिप में गुरुगण चर्चा में रहते हैं।

इस मामले में वे अलग हैं कि कलम की जमीन पर वे ‘मैनेज’ नहीं होते। (चोप्प.. कौन कहता है!) ‘‘यह जरूर है कि तुम्हारे पास रायफल है लेकिन- मैं मुसकुराता हूं और अपनी जेब से एक कोरा पन्ना निकालता हूं- ‘मेरा मोर्चा यह है। यह कागज जिस पर मैं तुम-जैसों को तो क्या, अपने और अपनों को भी माफ करना नहीं जानता!’’ (अपना मोर्चा)। लेकिन अस्सी के धुरी के नागरिकों का यह भी आरोप है कि बहुचर्चित कृति ‘काशी का अस्सी’ को ही लें तो उन्होंने अस्सी को केन्द्र में रखकर बनारस और दुनिया के रंग को दिखाया है वह सिर्फ एक पक्ष है। अनेक ऐसे रंग हैं जिसे जान-बूझकर छोड़ या छेड़ दिया गया है। ‘हंस’, ‘कथादेश’, ‘तद्भव’ आदि पत्र-पत्रिकाओं में कथा रिपोर्ताज, संस्मरण, कहानी के रूप में अलग-अलग छपने वाली सामग्री को ‘आलोचकीय दबंगई’ (नामवरी) के कारण साहित्य अकादमी पुरस्कार आदि के लिए जान-बूझकर उपन्यास घोषित कर दिया गया। अब एक संत (पढ़े असंत) की मानें तो काशीनाथ की जगह अगर दूसरा ऐसा करता (जो कि करता ही नहीं) तो कब के साहित्य के घर से बहरिया दिया गया होता!

उनके जन्मदिन 01 जनवरी पर जो हो-हपड़, उत्सव बनारस के अस्सी के चाय दुकान में (धुरी बदलती रही है… कभी पप्पू के यहां तो कभी पोई के यहां..) होता है, चाय-पान, चूड़ा-मटर और ‘प्रसाद’ (दुनिया वाले नासमझी के कारण शायद इसे भांग कहते हैं) के साथ न जाने कहां-कहां से आकर लेखक और साहित्य प्रेमी काशीनाथ के सजीव पात्रों के साथ जन्मदिन मनाते हैं। अब यह कोई मायने नहीं रखता कि वे हैं या नहीं। बनारस से कभी-कभार उसी टैम उनके चल बसने के बाद भी लोग धूम-धाम से काशीनाथ की रचनात्मकता, विषय-संदर्भ और समझदारी-नासमझी की पड़ताल करते हैं। बहस, नोंक-झोंक, के ‘समीकणों’ चुहल, उलाहना, प्रशंसा और ‘मलाई-बरफ’ सब कुछ चलता है।

उनके घनघोर आलोचक, प्रशंसक, वंदक.. साहित्य प्रेमी, पात्र-कुपात्र, संत-असंत, घोंघावसंत सभी अपने लेखक के जन्म दिन को आशीर्वाद-शाप दे-दाकर सेलिब्रेट करते हैं। ‘वकील’ लेकर भी आते हैं, वकील माने ‘भंगाचार्य’ प्रो. चौथीराम यादव। उनकी उपस्थिति में भी किसी चीज की परवाह नहीं करते उनके पात्र। अब जैसे वकील (काशी के मुखर पात्र) विरेन्द्र श्रीवास्तव को ही लें- ‘‘हमहन के बातचीत-बतकही अउर गाली-गोन्हर को लिख-लाखकर काशीनाथ प्रसिद्घि का मजा मार रहे हैं और ‘रायल्टी’ बटोर रहे हैं। गुरु हमलोगों को क्या मिला?’’ ऐसे हैं काशी और काशी के पात्र। जीवन ग्लोबलाइजेशन के समीकरणों से नहीं चलता, सरोकारों की जमीन पर चलता है। जी!

लेखक प्रमोद कुमार पांडेय पत्रकारिता के शिक्षक हैं.

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

0 Comments

  1. abinav

    January 7, 2011 at 9:57 am

    Bahut badhia…shandar lekhan. kashinathji ko naman! kashi ke patra manbahake hain. bole bat akashi hain. kashiwashi bhi be lura lag rahe hain. bina padhe comment kiye lagate hain.

  2. काशीवासी

    January 3, 2011 at 5:27 pm

    ई सार गंडऊगदर, हमका कसिया के बारे म समझावत है..का बताएं…काशी नाथ तो पता नहीं..का..का बोलचाल में लिख गये…लेकिन इनके चेलवे हमका सनसकृत में समझावत हैं कि का हैं कासीनाथ..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास तक खबर सूचनाएं जानकारियां मेल करें : [email protected]

भड़ास के वाट्सअप चैनल से जुड़ें और नवीनतम खबरें पाएं : Bhadas Whatsapp

भड़ास लीगल टीम : किसी किस्म की लीगल हेल्प के लिए संपर्क करें- Bhadas Legal Team

You May Also Like

Uncategorized

भड़ास4मीडिया डॉट कॉम तक अगर मीडिया जगत की कोई हलचल, सूचना, जानकारी पहुंचाना चाहते हैं तो आपका स्वागत है. इस पोर्टल के लिए भेजी...

Uncategorized

भड़ास4मीडिया का मकसद किसी भी मीडियाकर्मी या मीडिया संस्थान को नुकसान पहुंचाना कतई नहीं है। हम मीडिया के अंदर की गतिविधियों और हलचल-हालचाल को...

हलचल

[caption id="attachment_15260" align="alignleft"]बी4एम की मोबाइल सेवा की शुरुआत करते पत्रकार जरनैल सिंह.[/caption]मीडिया की खबरों का पर्याय बन चुका भड़ास4मीडिया (बी4एम) अब नए चरण में...

Uncategorized

मीडिया से जुड़ी सूचनाओं, खबरों, विश्लेषण, बहस के लिए मीडिया जगत में सबसे विश्वसनीय और चर्चित नाम है भड़ास4मीडिया. कम अवधि में इस पोर्टल...