इंदौर। 12 सितंबर को इंदौर में एक वकील मनोज जैन को चाकू मारने की घटना को लेकर एक सांध्य दैनिक ‘प्रभात किरण’ ने 13 सितंबर के अंक में झूठी खबर छाप दी कि कोर्ट में हड़ताल हो गई है और वकील कमिश्नर को ज्ञापन देंगे। यह खबर ‘‘वकील के घर हमला करनेवालों की पैरवी नहीं” शीर्षक से छपी थी, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ, उल्टा पदाधिकारी वकीलों को जवाब देते-देते थक गए।
बहरहाल बुधवार को इंदौर बार एसोसिएशन के सचिव गोपाल कचोलिया ने प्रभात किरण के प्रकाशक सुनील सोजतिया, संपादक प्रकाश पुरोहित व नगर प्रतिनिधि के नाम एक कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें पूर्व में खबरें तोड़-मरोड़ कर पेश किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वह उक्त भ्रामक खबर का न केवल खंडन प्रकाशित करें बल्कि एसोसिएशन को लिखित में यह दें कि भविष्य में एसोसिएशन या वकीलों से जुड़ी असत्य व भ्रामक खबरें उनके अखबार में नहीं छपेंगी। नोटिस में ऐसा नहीं करने मानहानि का मुकदमा लगाने की चेतावनी दी गई है।
एक पत्रकार द्वारा भेजा गया पत्र.











