चर्चा और अफवाह जोरों पर है। त्रिवेणी मीडिया समूह के एडीटर इन चीफ और वीओआई चैनल के सर्वेसर्वा रामकृपाल सिंह इस्तीफा देने वाले हैं? मीडिया वाले आजकल इस सवाल को हर एक दूसरे से पूछ रहे हैं। कोई रामकृपाल जी के लंबी छुट्टी पर जाने के पीछे का सच जानना चाह रहा है तो कोई त्रिवेणी के नए लांच चैनल वीओआई के फ्लाप हो जाने का ठीकरा रामकृपाल सिंह पर फोड़ते हुए उनके जल्द विदा होने की संभावना जता रहा है। सच्चाई क्या है, अभी इस बारे में किसी को नहीं मालूम। भड़ास4मीडिया ने जब इस अफवाह की तहकीकात की तो कई बातें पता चलीं।
मसलन, वीओआई चैनल के लांच होने के बाद जिस तरह लगातार उठापठक मची है और सीनियर लोग लगातार विदा होते जा रहे हैं या छुट्टी पर चले जा रहे हैं, उसके पीछे चैनल की असफलता ही है। काफी जोरशोर से लांच किया गया यह चैनल वो रिजल्ट नहीं दे पा रहा है जिसकी उम्मीद थी। इससे परेशान रामकृपाल अब टीम को फिर से व्यवस्थित कर रहे हैं। इसके चलते कई सीनियर लोग बाहर से लाए जा रहे हैं तो चैनल के कई सीनियर लोग विदा किए जा रहे हैं। इस सबके बावजूद चैनल की हालत फिलहाल सुधरती नहीं दिख रही है। उधर, जिन लोगों पर रामकृपाल ने भरोसा किया, उन लोगों ने अप्वायंटमेंट के मामले में काफी मनमानी की और ऐसे लोगों को भर लिया जिन्हें टीवी चैनल को व्यस्थित करने का कोई अनुभव नहीं था। इस सारे प्रकरण के चलते किरकिरी रामकृपाल की हो रही है। कहने वाले तो यहां तक कहते हैं कि खुद रामकृपाल जी इलेक्ट्रानिक मीडिया का लंबा अनुभव न होने से वे हर चीज के लिए अपने नीचे के लोगों पर निर्भर करते हैं। मामला चाहें जो हो लेकिन अभी तो मीडिया के मार्केट में रामकृपाल के छुट्टी पर जाने व इस्तीफा देने की खबरें जोरों पर है पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पा रही है।











