जबलपुर में हिंदुस्तान टाइम्स के ब्यूरो चीफ लेम्युल लाल ने नई दिल्ली में प्रेस ट्रस्ट आफ इंडिया में चीफ रिपोर्टर के पद पर ज्वाइन किया है। वे एचटी से पहले हितवाद और लीडर जैसे अखबारों में काम कर चुके हैं। लेम्युल लाल की गणना महाकौशल क्षेत्र में सरोकार रखने वाले पत्रकार में होती है। अब उनके स्थान पर जबलपुर में नीलेश चौधरी हिंदुस्तान टाइम्स की बागडोर संभालेंगे। नीलेश चौधरी की मध्य प्रदेश में एक लीगल रिपोर्टर के रूप में पहचान है।
जबलपुर में नए अखबारों की लांचिंग की दौड़ में हरिभूमि अब राज एक्सप्रेस से आगे निकलता दिख रहा है। वैसे तो दोनों अखबारों में संपादक की नियुक्ति हो गई है, लेकिन हरिभूमि ने मशीन से लेकर अन्य तैयारियों में बाजी मार ली है।
तैयारियों को देखकर लग रहा है कि हरिभूमि 15 अगस्त तक जबलपुर से लांच हो जाएगा। हरिभूमि के संपादक निशांत शर्मा हैं। वरिष्ठ पत्रकार पंकज पटरैया को समाचार संपादक पद की जिम्मेदारी दी गई है और ये अखबार की लांचिंग में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उठा रहे हैं। यहां इंद्रभूषण द्विवेदी चीफ सिटी रिपोर्टर पद की जिम्मेदारी निभा रहे हैं और लांचिंग की तैयारियों में सक्रिय हैं।
राज एक्सप्रेस अपने जबलपुर संस्करण को अभी तक तो लांच नहीं कर सका है लेकिन वो यहां के लिए नियुक्त संपादक चैतन्य भट्ट का उपयोग भोपाल संस्करण में करने लगा है। इसका कारण भोपाल के संपादक हृदयेश दीक्षित का इंदौर स्थानांतरित होना है। चैतन्य भट्ट सप्ताह में चार-पांच दिन भोपाल में तो दो-तीन दिन जबलपुर में रहकर कार्य कर रहे हैं।











