दीपक चौरसिया ने स्टार न्यूज ज्वाइन कर लिया। उन्होंने स्टार न्यूज में 2 जुलाई से अपनी सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं। उनका पद है एडीटर (नेशनल अफेयर्स)। भड़ास4मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में दीपक चौरसिया ने बताया कि आज तक में वे काफी लंबे समय से थे और इन दिनों जब मीडिया का तेजी से विस्तार हो रहा है, नए सिस्टम में काम करते हुए नए अनुभवों और नए चैलेंज को स्वीकारने की खातिर वे स्टार न्यूज के साथ हुए।
उन्होंने आज तक में किसी तरह के विवाद के चलते चैनल छोड़ने से इनकार किया। उनका कहना था कि चैनल छोड़न का निर्णय खुद के करियर की खातिर किया। एक जगह लंबे समय तक काम करते रहने से चीजें ठहरी हुईं सी लगने लगती हैं। उनके मुताबिक जब आप नई जगह पर जाते हैं तो आपका साबका नई तरह की चुनौतियों से होता है साथ ही नए दायित्व के ढेर सारे चैलेंज आपके सामने होते हैं। ऐसे में हर पत्रकार के पास यह अधिकार है कि वो अपनी बेहतरी की खातिर समय समय पर नई चुनौतियां स्वीकारे और नए प्रोफाइल में नए संस्थान के साथ काम करे। उल्लेखनीय है कि दीपक ने आज तक को दूसरी बार अलविदा कहा है। इससे पहले उन्होंने आज तक को छोड़कर प्रसार भारती के न्यूज चैनल डीडी न्यूज में कंसल्टिंग एडीटर के बतौर ज्वाइन किया था। स्टार न्यूज में नई पारी शुरू करने के लिए दीपक को शुभकामनाएं।











