वरिष्ठ पत्रकार नागेंद्र यादव अब दैनिक हिंदुस्तान की भागलपुर यूनिट के स्थानीय संपादक होंगे। वे लखनऊ से 9 जून को ट्रेन से रवाना होंगे और भागलपुर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे। लखनऊ में लंबे समय से दैनिक हिंदुस्तान में कार्यरत नागेंद्र ने अपना करियर लखनऊ में ही वर्ष 1983 में नवजीवन अखबार से शुरू किया था। इसके बाद वे 1984 में लखनऊ में ही दैनिक जागरण के साथ हो लिए। वर्ष 1985 में पटना में पाटलिपुत्र टाइम्स लांच किया। बाद में पटना में ही उन्होंने वर्ष 1985 में दैनिक हिंदुस्तान में बतौर सीनियर सब एडीटर ज्वाइन कर लिया और तभी से दैनिक हिंदुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
दैनिक हिंदुस्तान में सीनियर सब एडीटर के साथ पारी शुरू करने वाले नागेंद्र पटना में वर्ष 1996 तक रहे। बाद में उनका तबादला उनके शहर लखनऊ हो गया। वे लखनऊ हिंदुस्तान में चीफ सब एडीटर बनकर आए और बाद में अपने कार्य के जरिए वे लगातार तरक्की की सीढ़ियां चढ़ते रहे। उन्होंने यहीं पर डिप्टी न्यूज एडीटर और न्यूज एडीटर पद हासिल किए। अब रेजीडेंट एडीटर पद पर प्रमोट करके उन्हें भागलपुर संस्करण संभालने का दायित्व दिया गया है।
मूलतः जौनपुर शहर के रहने वाले नागेंद्र ने अपनी सारी पढ़ाई-लिखाई लखनऊ में की और लखनऊ विवि से एमए किया। वे मूलतः थिएटर और लिट्रेचर पर विशेषज्ञता रखने वाले पत्रकार हैं। साथ ही पत्रकारिता में उस धारा के प्रतीक हैं जो दिखावे और तामझाम के बजाय चुपचाप अपने कार्य को संपूर्ण गुणवत्ता और लगन के साथ संपादित करती है। बेहद सरल और सहज व्यवहार के साथ सादगी भरा जीवन जीने वाले नागेंद्र को भागलपुर जैसी नौ संस्करणों वाली यूनिट को चलाने का चुनौतीपूर्ण दायित्व मिला है। बी4एम उन्हें सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देता है।











