अमर उजाला में जाने के आसार : राष्ट्रीय सहारा, पटना के यूनिट हेड यादवेश कुमार के बारे में चर्चा है कि वे संस्थान को सहारा प्रणाम बोलने ही वाले हैं। अपुष्ट खबरों के मुताबिक उनकी अमर उजाला प्रबंधन से बातचीत चल रही है। उनके जल्द ही अमर उजाला में ज्वाइन करने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक यादवेश कुमार अमर उजाला, नोएडा में जनरल मैनेजर पद पर आसीन हो सकते हैं। यादवेश कुमार ने पिछले साल अगस्त महीने में राष्ट्रीय सहारा, नोएडा में चीफ मैनेजर पद पर ज्वाइन किया। दो महीने बाद उन्हें पटना यूनिट का हेड बनाकर भेज दिया गया। तबसे वे वहीं जमे हैं।
यादवेश पिछले तीन दशक से हिंदी मीडिया में सक्रिय हैं। वे उत्तर प्रदेश के कई शहरों में विभिन्न अखबारों में शीर्ष पदों पर कार्य कर चुके हैं। सहारा से पहले वे दैनिक जागरण, वाराणसी में महाप्रबंधक थे। मूलतः बनारस के रहने वाले यादवेश ने करियर की शुरुआत आज अखबार, बनारस से की थी। वे यहां 10 साल तक रहे। फिर अमर उजाला पहुंचे। यहां वे बरेली, इलाहाबाद और आगरा में जीएम रहे। 10 वर्षों की पारी के बाद अमर उजाला छोड़ा और दैनिक हिंदुस्तान, वाराणसी में महाप्रबंधक बने। उनके नेतृत्व में ही वाराणसी में दैनिक हिंदुस्तान की लांचिंग हुई। इसे स्थापित करने में अग्रणी भूमिका निभाई। हिंदुस्तान में वे पांच वर्षों तक रहे।











