बीजिंग ओलंपिक के फुटेज को दूरदर्शन से उड़ाकर दिखाने वाले सभी निजी न्यूज चैनलों को प्रसार भारती ने नोटिस भेजा है। इस नोटिस में ओलंपिक फुटेज को दूरदर्शन से अनधिकृत तरीके से उठाकर दिखाने पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए इस प्रवृत्ति पर सख्त आपत्ति जताई गई है। उल्लेखनीय है कि ओलंपिक खेलों को भारत में प्रसारित करने का एकमात्र अधिकार दूरदर्शन के पास ही है। अगर कोई भी चैनल इसे दिखाना चाहेगा तो उसे पहले दूरदर्शन से अनुमति लेनी होगी या इसके एवज में तय राशि का भुगतान करना होगा। खुद दूरदर्शन ने ओलंपिक खेलों के प्रसारण का अधिकार लेने के लिए बड़ी रकम का भुगतान किया है। दूरदर्शन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अभी किसी प्राइवेट न्यूज चैनल ने प्रसार भारती की तरफ से जारी पत्र का जवाब नहीं दिया है।
इन सभी चैनलों पर ओलंपिक से जुड़ा जो कुछ दिखाया और प्रसारित किया जा रहा है, उस पर प्रसार भारती के अधिकारियों की कड़ी नजर है। उल्लेखनीय है कि बीजिंग ओलंपिक में भारत के अभिनव बिंद्रा के स्वर्ण पदक जीतने के बाद सभी निजी न्यूज चैनलों ने ओलंपिक फुटेज को दूरदर्शन से उड़ाकर जमकर प्रसारित किया था। इसी पर प्रसार भारती की भौहें तन गईं। पहले तो इन निजी चैनलों ने दूरदर्शन से प्रसारण अधिकार लेने के लिए किसी तरह का संपर्क नहीं किया और अब जब भारत को पहला स्वर्ण मिल गया तो सभी बिना अनुमति के ही दूरदर्शन के फुटेज अपने-अपने चैनलों पर दिखाने लगे। सूत्रों का कहना है कि इस मामले को लेकर प्रसार भारती गंभीर है और पत्र का जवाब आने के बाद इन चैनलों पर कार्रवाई के बारे में विचार करेगा।











